Monday, June 29, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति रक्षा अलंकरण समारोह-2026 के द्वितीय चरण में उपराष्ट्रपति हुए शामिल

रक्षा अलंकरण समारोह-2026 के द्वितीय चरण में उपराष्ट्रपति हुए शामिल

0
4

नई दिल्ली, 29 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह-2026 (द्वितीय चरण) में सशस्त्र सेनाओं और भारतीय तटरक्षक बल के 105 अधिकारियों एवं कर्मियों को विशिष्ट सेवा अलंकरण प्रदान किए। इस समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी. राधाकृष्णन भी शामिल हुए।

उपराष्ट्रपति के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर समारोह की तस्वीरें साझा की गईं।

रक्षा अलंकरण समारोह में प्रदान किए गए सम्मानों में 7 सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक, 30 परम विशिष्ट सेवा पदक, 12 उत्तम युद्ध सेवा पदक और 56 अति विशिष्ट सेवा पदक शामिल हैं। ये सम्मान उन सैन्य अधिकारियों और कर्मियों को दिए गए, जिन्होंने शांति और ऑपरेशनल परिस्थितियों में असाधारण नेतृत्व, उत्कृष्ट पेशेवर क्षमता और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण का परिचय दिया।

समारोह में थल सेना, नौसेना, वायु सेना और भारतीय तटरक्षक बल के वरिष्ठ अधिकारियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अति विशिष्ट सेवा पदक पाने वालों में थल सेना, वायु सेना और नौसेना के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।

सम्मानित अधिकारियों में एयर मार्शल तरुण चौधरी, लेफ्टिनेंट जनरल नीरज वर्ष्णेय, लेफ्टिनेंट जनरल विकास रोहेला, लेफ्टिनेंट जनरल हरबिंदर सिंह वंड्रा, लेफ्टिनेंट जनरल मोहिंदर पाल सिंह, लेफ्टिनेंट जनरल रणजीत सिंह, लेफ्टिनेंट जनरल अजय कुमार, लेफ्टिनेंट जनरल शमशेर सिंह विर्क, लेफ्टिनेंट जनरल आदित्य विक्रम सिंह राठी, लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह और लेफ्टिनेंट जनरल पुनीत आहूजा प्रमुख रहे।

नौसेना के वाइस एडमिरल आनंद वाई सरदेसाई, वाइस एडमिरल रजत कपूर, वाइस एडमिरल श्रीनिवास कुदारावल्ली, वाइस एडमिरल सुशील मेनन और वाइस एडमिरल अनिल जग्गी को भी अति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। वहीं, वायु सेना के एयर मार्शल मेहताब सिंह देसवाल, एयर मार्शल के. ए. ए. संजीब और एयर मार्शल एस. श्रीनिवास राव को भी यह सम्मान मिला।

भारतीय तटरक्षक बल के अतिरिक्त महानिदेशक डॉनी माइकल को भी अति विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया। इसके अलावा मेजर जनरल स्तर के कई अधिकारियों को भी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

विशेष रूप से 9 असम रेजिमेंट के सूबेदार एच. होकाटो सेमा को अति विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया। किसी जूनियर कमीशंड अधिकारी को यह सम्मान मिलना उनकी उत्कृष्ट और प्रेरणादायी सेवा का प्रमाण माना जा रहा है।

उत्तम युद्ध सेवा पदक पाने वालों में दक्षिणी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ, एयर मार्शल मनीष खन्ना, 15 कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रशांत श्रीवास्तव, 9 कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल राजन शरावत, 3 कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल अभिजीत एस. पेंढारकर, 4 कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल गंभीर सिंह और 16 कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रसन्न किशोर मिश्रा शामिल रहे।