Tuesday, June 30, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर भाजपा बोली-दोषी कोई भी हो नहीं बचेगा,...

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर भाजपा बोली-दोषी कोई भी हो नहीं बचेगा, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति जारी

0
3

लखनऊ/नई दिल्ली, 30 जून (आईएएनएस)। राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने साफ कहा है कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। पार्टी नेताओं ने दोहराया कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और धर्म के नाम पर किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा, “यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार है। मुख्यमंत्री ने सरकार बनने के साथ ही साफ कर दिया था कि भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। इसलिए अयोध्या के इस मामले में भी सरकार पूरी मजबूती से कार्रवाई कर रही है।”

उन्होंने आगे कहा, “हमारी सरकार सच्चाई के साथ काम कर रही है। एफआईआर दर्ज हो चुकी है, एसआईटी जांच कर रही है और आरोपी जेल जा रहे हैं। दोषी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। धर्म के साथ किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।”

वहीं, भाजपा राज्यसभा सदस्य गुलाम अली खटाना से जब राम मंदिर दान मामले में चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।

राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों का राम जन्मभूमि आंदोलन या मंदिर से जुड़े कानूनी संघर्ष में कोई योगदान नहीं था और जो कभी इसका विरोध करते थे, वे अब भगवान राम के प्रति भक्ति दिखा रहे हैं।

उन्होंने कहा, “अगर वास्तव में उनमें अब भगवान राम के प्रति श्रद्धा जागी है, तो उन्हें मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण के मंदिर निर्माण का भी समर्थन करना चाहिए और उसके लिए भी आवाज उठानी चाहिए।”

भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि राम मंदिर दान में कथित अनियमितताओं को सरकार बेहद गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा, “जो भी इस मामले में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी।”