Sunday, June 28, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय राम मंदिर चंदा विवाद: दयाशंकर सिंह ने महापुरुषों के सम्मान की बात...

राम मंदिर चंदा विवाद: दयाशंकर सिंह ने महापुरुषों के सम्मान की बात की, तनुज पुनिया ने लगाए गंभीर आरोप

0
1

अयोध्या, 27 जून (आईएएनएस)। राम मंदिर चंदा मामले को लेकर उत्तर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज होती जा रही है। एक तरफ प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने इस मामले में दोषियों को सजा मिलने की बात कहते हुए देश और समाज के लिए जीवन समर्पित करने वाले महापुरुषों पर आरोप लगाने को गलत बताया तो दूसरी तरफ कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने मामले में लीपापोती और मुख्य आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि जिन लोगों से गलती हुई है, उन्हें कानून के अनुसार सजा मिल रही है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि उन महान व्यक्तित्वों पर आरोप लगाना उचित नहीं है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश और समाज की सेवा में समर्पित कर दिया। ऐसे महापुरुषों के जीवन में कभी भी भौतिक सुख-सुविधाओं या वैभव की कोई इच्छा नहीं रही। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र और समाज के उत्थान के लिए समर्पित किया और हजारों लोगों को भी देशहित में कार्य करने तथा बलिदान देने के लिए प्रेरित किया। ऐसे लोगों पर दोष मढ़ना गलत है और विपक्ष द्वारा इस प्रकार की अफवाहें फैलाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

वहीं, बाराबंकी में कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने राम मंदिर चंदा मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे प्रकरण में सीधे-सीधे लीपापोती की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जिन लोगों के नाम लगातार सामने आ रहे हैं, उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

तनुज पुनिया ने कहा कि यदि पूरे मामले में प्रमुख भूमिका निभाने वाले लोगों के रूप में चंपत राय और अनिल मिश्रा के नाम लिए जा रहे हैं, तो उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही। केवल कुछ लोगों के इस्तीफे से समस्या का समाधान नहीं होगा। इतने बड़े मामले को किसी राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण के बिना अंजाम नहीं दिया जा सकता। इस मामले में मुख्य लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि जांच निष्पक्ष होनी है तो उन लोगों की भी पहचान की जानी चाहिए जो कथित तौर पर आरोपियों को संरक्षण दे रहे हैं। मामले की व्यापक जांच कर सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

तनुज पुनिया ने आरोप लगाया कि सरकार मुख्य आरोपियों को बचाने का काम कर रही है और मामले की जांच को निचले स्तर तक सीमित रखने की कोशिश की जा रही है। धर्म के नाम पर राजनीति की जा रही है और मामले में भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। केवल छोटे स्तर के लोगों पर कार्रवाई करने से सच्चाई सामने नहीं आएगी, बल्कि उन लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए जिन पर पूरे प्रकरण के संचालन का आरोप लगाया जा रहा है।