नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कई मुद्दों पर बात की, जिनमें जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के भाजपा पर आरोप, राम मंदिर विवाद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का न्यूजीलैंड दौरा शामिल हैं।
शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने आदित्य ठाकरे के उस बयान पर अपनी प्रतिक्रया जाहिर की है, जिसमें उन्होंने भाजपा को बाबर जनता पार्टी कहा है। प्रियंका चतुर्वेदी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा,”जब राम मंदिर बना था, तो हम सभी ने इसे देश के भविष्य और पुनर्निर्माण के प्रतीक के रूप में देखा था। चढ़ावा चोरी ने उस भरोसे को ठेस पहुंचाई है। उन लोगों का बचाव किया जा रहा है जिनकी आस्था भगवान राम से ज्यादा वीएचपी, आरएसएस और भाजपा में थी और उसी के अनुसार उन्हें ट्रस्टी बनाया गया था।”
उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में शामिल सभी के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस आरोप पर कि समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने राम मंदिर का विरोध किया था, प्रतिक्रिया देते हुए प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, “यह पूरी तरह से ‘व्हाट-अबाउटरी’ (बात घुमाने) वाली बात है। वे कहते हैं कि उन्होंने ऐसा किया, इसलिए हम वैसा कर रहे हैं। उन्होंने ऐसा कहा, इसलिए हम वैसा कहेंगे। जनता ने आपको जिम्मेदारी दी है।”
उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से भगवान श्रीराम का मंदिर बना है। ट्रस्ट ने भगवान राम में विश्वास कम और भाजपा के प्रति वफादारी ज्यादा निभाई है। इधर-उधर की बात करने के बजाय अगर 10 साल के कार्यकाल के दौरान आपकी (भाजपा) की जिम्मेदारी बनती है कि दूसरों पर उंगली न उठाकर देश की जनता को जवाब दें।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के इस आरोप पर कि भाजपा नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रही है, प्रतिक्रिया देते हुए प्रियंका चतुर्वेदी कहती हैं, “मुझे हैरानी नहीं है। सत्ता की भूख भाजपा में इतनी बढ़ गई है कि वे संविधान को भी खत्म कर सकते हैं। उन्होंने महाराष्ट्र में सांसदों और विधायकों को खरीदने का चलन शुरू किया था। वे विधायकों के साथ ऐसे पेश आते हैं जैसे वे घोड़े हों जिन्हें खरीदा और बेचा जा सके।”
उन्होंने कहा कि ऐसा माहौल बना दिया गया है कि धनबल से, सत्ता बल, ईडी-सीबीआई और चुनाव आयोग के बल का इस्तेमाल कर अपनी सरकार बनाने में लगे रहते हैं। यह सीधे तौर पर वोटर के अधिकार पर हमला है। मुझे इस बात की खुशी हो रही है कि प्रभावित पार्टियां खुलेआम बताती हैं कि भाजपा इस तरह से काम कर रही है।
प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरे पर प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि हम दुनियाभर के देशों में जा जरूर रहे हैं लेकिन जब कठिन समय आता है तो भारत के साथ कोई नहीं खड़ा होता है। कहीं न कहीं हमें आत्मचिंतन की जरूरत है कि विदेश दौरों के परिणाम क्या निकल रहे हैं। इन दौरों से व्यक्ति विशेष के बदले देश को फायदा होना चाहिए।

