Tuesday, June 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय रामगढ़ में सीबीआई का एक्शन, सीसीएल अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

रामगढ़ में सीबीआई का एक्शन, सीसीएल अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

0
3

रांची, 22 जून (आईएएनएस)। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) ने सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल), रामगढ़ (झारखंड) के बरका सयाल एरिया के सौंदा स्थित रीजनल स्टोर के चीफ स्टोर कीपर को रिश्वतखोरी के मामले में रंगे हाथ पकड़ा है।

सीबीआई ने रविवार को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। यह मामला शिकायत मिलने पर दर्ज किया गया, जिसमें आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने शिकायतकर्ता से 10,000 रुपए की रिश्वत मांगी थी। यह रिश्वत शिकायतकर्ता को उसकी मेडिकल स्थिति को देखते हुए हल्के काम सौंपकर सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी जारी रखने देने के बदले मांगी गई थी।

इसी को लेकर सीबीआई ने एक जाल बिछाया और आरोपी को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपए की रिश्वत मांगते और लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इसी के साथ आरोपी के ऑफिस और घर की तलाशी ली जा रही है। वहीं, सीबीआई की ओर से मामले से संबंधित आगे की जांच जारी है।

बता दें कि सीबीआई की ओर से इसी प्रकार की कार्रवाई का एक दूसरा मामला 14 जून को असम में देखने को मिला, जहां सीबीआई ने सिलचर में नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के एक सीनियर सेक्शन इंजीनियर को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया। इंजीनियर को शिकायतकर्ता से 20,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़े जाने का आरोप है।

इसी के संदर्भ में सरकारी अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उन्हें रविवार को अदालत में पेश किया जाना था। मामले को लेकर सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, रेलवे इंजीनियर ने बिल पास करने के लिए रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता-सह-ठेकेदार द्वारा किए गए काम से जुड़ा लगभग 20 लाख रुपए का बिल, नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के आरोपी अधिकारी के पास मंजूरी के लिए लंबित था।

जब शिकायतकर्ता ने इनवॉइस पास करवाने के लिए सीनियर सेक्शन इंजीनियर से संपर्क किया तो आरोपी ने बिल प्रोसेस करने और पास करने के बदले कुल बकाया बिल राशि का एक प्रतिशत हिस्सा गैर-कानूनी तौर पर रिश्वत के रूप में मांगा। सीबीआई ने जाल बिछाया और शिकायतकर्ता से 20,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।