Tuesday, June 16, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति रामराज्य पर हमला बंगाल में हिंदू विरोधी मानसिकता का प्रमाण: विनोद बंसल

रामराज्य पर हमला बंगाल में हिंदू विरोधी मानसिकता का प्रमाण: विनोद बंसल

0
19

नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने पश्चिम बंगाल में बढ़ते हिंदू विरोधी बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

वीएचपी प्रवक्ता विनोद बंसल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, “बंगाल में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे हिंदू विद्रोही तत्व और कुछ नामधारी हिंदू भी गैर-हिंदुओं जैसा प्रचार करने लगे हैं। हिंदुओं के खिलाफ बोलने की पराकाष्ठा पर उतर आए हैं।”

विनोद बंसल ने रामनगर से विधायक रहे और ममता बनर्जी सरकार में मंत्री रह चुके अखिल गिरि पर निशाना साधते हुए कहा, “जिस व्यक्ति का निर्वाचन क्षेत्र रामनगर है, वह खुद रामराज्य के खिलाफ बोल रहा है। वह कह रहा है कि रामराज्य की दरकार ही नहीं है, इससे पेट नहीं भरेगा। ऐसी बातें करके वह न सिर्फ अपने इस्लामिक जिहादियों को खुश कर रहा है, बल्कि पूरे हिंदू समाज पर गहरा आघात कर रहा है।”

उन्होंने आगे कहा कि टीएमसी का रामराज्य के खिलाफ बोलना कोई नई बात नहीं है। पहले भी सीएम ममता बनर्जी के बयान आए हैं जिसमें वह ‘जय श्री राम’ के नारे से चिढ़ती दिखीं और शोभायात्राओं को रोकने का प्रयास किया। उन्होंने हमारी धार्मिक आस्था और विश्वास के साथ खिलवाड़ किया है। यह दशकों से चला आ रहा है। अब इस पर पूर्ण विराम लगाने की आवश्यकता है।

वीएचपी प्रवक्ता ने बंगाल की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा, “पहले कम्युनिस्टों और अब टीएमसी की गुंडागर्दी के कारण घुसपैठियों को शरण दी गई और मूल बंगाली नागरिकों की अस्मिता के साथ खिलवाड़ किया गया। आज हिंदुओं को दोयम दर्जे का नागरिक बना दिया गया है। बंगाल अब पूज्य संतों और वीर-वीरांगनाओं की भूमि नहीं, बल्कि जिहादियों की कर्मभूमि बनती जा रही है।”

विनोद बंसल ने कहा कि अब बंगाल की जनता को तय करना है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा, “वास्तव में अब बंगाल की मुक्ति का समय आ गया है। बंगाल की जनता खड़ी हो रही है और इस हिंदू विरोधी मानसिकता पर अंकुश लगाने के लिए तैयार है।”

विनोद बंसल ने आह्वान किया कि बंगाल के हिंदू समाज को अपनी आस्था, संस्कृति और अस्मिता की रक्षा के लिए एकजुट होना चाहिए।