Sunday, May 31, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय रांची: बुंडू में पेड़ से लटकता मिला युवक-युवती का शव, गुत्थी सुलझाने...

रांची: बुंडू में पेड़ से लटकता मिला युवक-युवती का शव, गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

0
25

रांची, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची के बुंडू थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक और एक युवती का शव पेड़ से लटकता हुआ बरामद किया गया। यह घटना माझिटोली पागला बाबा रोड के समीप की है। एक साथ दो शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है।

स्थानीय ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। जानकारी के अनुसार, सुबह जब ग्रामीण पागला बाबा रोड की ओर निकले, तो उन्होंने पेड़ से लटकते हुए दो शव देखे। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृत युवक और युवती की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है, हालांकि अब तक दोनों की पहचान नहीं हो पाई है।

पुलिस आसपास के गांवों और थानों में लापता व्यक्तियों की सूची से शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही बुंडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पेड़ से उतरवाकर अपने कब्जे में लिया। कुछ स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि शवों की स्थिति को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि उन्हें कहीं और से लाकर यहां लटकाया गया है।

दूसरी ओर, प्रथम दृष्टया इसे प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का मामला भी माना जा रहा है। पुलिस हत्या और आत्महत्या इन दोनों ही बिंदुओं को ध्यान में रखकर अनुसंधान आगे बढ़ा रही है। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित रिम्स भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और समय का स्पष्ट पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों और राहगीरों से पूछताछ कर जानकारी जुटाने में लगी है।

–आईएएनएस

एसएनसी/एएस