Monday, August 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय रांचीः पीएलएफआई के लिए 50 लाख रुपए की लेवी लेने पहुंचे दो...

रांचीः पीएलएफआई के लिए 50 लाख रुपए की लेवी लेने पहुंचे दो आरोपी गिरफ्तार, पर्चे और बाइक बरामद

0
30

रांची, 5 जून (आईएएनएस)। रांची पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के लिए 50 लाख रुपए की लेवी वसूलने पहुंचे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खूंटी जिले के बेलवादाग निवासी अरुण लोहरा (19) और सूरज लोहरा (18) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से पीएलएफआई के दो पर्चे, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मामला नगड़ी थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, 22 मई को नगड़ी थाना क्षेत्र के साहेर गांव निवासी बजरंग महतो से व्हाट्सएप के माध्यम से 50 लाख रुपए की लेवी मांगी गई थी। रंगदारी नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी। इस संबंध में नगड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की निगरानी में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) द्वितीय अजय आर्यन के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी शाखा और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि लेवी की रकम लेने के लिए कुछ लोग तुपुदाना स्थित सफायर स्कूल, बारहमाइल चौक के पास आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की।

इसी दौरान लाल रंग की अपाची मोटरसाइकिल से पहुंचे दो युवकों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर लेवी की राशि लेने आने की बात स्वीकार की। तलाशी के दौरान अरुण लोहरा के पास से पीएलएफआई के नाम पर जारी दो पर्चे बरामद किए गए, जिन पर संगठन के शीर्ष उग्रवादी राजेश यादव का नाम अंकित था।

पुलिस ने बताया कि बरामद सामग्री में अपाची मोटरसाइकिल (जेएच01सीएक्स-4239), एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा पीएलएफआई के दो पर्चे शामिल हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों और संगठन से जुड़े नेटवर्क की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि लेवी वसूली की इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे।