SGSU Advertisement
Home खेल रणजी ट्रॉफी: रवींद्र जडेजा का चला बल्ला, सौराष्ट्र के लिए लगाया शतक,...

रणजी ट्रॉफी: रवींद्र जडेजा का चला बल्ला, सौराष्ट्र के लिए लगाया शतक, रिंकू ने भी बिखेरा जलवा

0
10

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन की शुरुआत रवींद्र जडेजा ने सौराष्ट्र की ओर से खेलते हुए शानदार अंदाज में की है। जडेजा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। वहीं, उत्तर प्रदेश की तरफ से खेलते हुए रिंकू सिंह ने भी शतक लगाया।

जडेजा ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ खेलते हुए 209 गेंदों का सामना करते हुए 102 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 7 चौके लगाए। जडेजा जब बल्लेबाजी करने उतरे, तो सौराष्ट्र का स्कोर 3 विकेट खोकर 120 रन था। उन्होंने चौथे विकेट के लिए चिराग जानी के साथ मिलकर 31 रनों की साझेदारी निभाई।

चिराग के आउट होने के बाद प्रेरक मांकड़ के रूप में जडेजा को अच्छा जोड़ीदार मिला। दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 205 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाई। प्रेरक ने 150 गेंदों का सामना करते हुए 129 रनों की बेहतरीन पारी खेली। जडेजा और प्रेरक की शतकीय पारी की बदौलत सौराष्ट्र की टीम 392 रनों के टोटल तक पहुंचने में सफल रही। चिराग जानी ने 83 रनों का योगदान दिया।

वहीं, बिहार के खिलाफ उत्तर प्रदेश की तरफ से खेलते हुए रिंकू सिंह ने भी शतकीय पारी खेली। रिंकू ने 168 गेंदों में 112 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 8 चौके और 3 छक्के लगाए। रिंकू ने माधव कौशिक के साथ मिलकर 312 गेंदों में 207 रनों की साझेदारी निभाई। माधव ने भी 150 रनों की दमदार पारी खेली। बड़ौदा की तरफ से खेलते हुए दीपक हुड्डा ने गोवा के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 98 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 52 रन बनाए।

हालांकि, राजस्थान की ओर से खेलते हुए मानव सुथार बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 17 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, हैदराबाद की तरफ से खेलते हुए मोहम्मद सिराज त्रिपुरा के खिलाफ पहली पारी में कोई विकेट नहीं चटका सके। रविवार को कर्नाटक की ओर से खेलते हुए केएल राहुल बल्ले से फ्लॉप रहे थे और वह सिर्फ 4 रन ही बना सके थे, जबकि मुंबई के लिए खेलते हुए यशस्वी जायसवाल भी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे थे। हालांकि, मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दिल्ली के खिलाफ 4 विकेट लिए।