मुंबई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेता रणवीर सिंह फिल्म ‘धुरंधर’ की रिलीज के बाद से ही फिल्म में अपने किरदार हमजा अली को लेकर हर तरफ से सुर्खियों में बने हुए हैं। मंगलवार को अभिनेता अर्जुन कपूर ने रणवीर के फोटोग्राफी की सराहना की।
अर्जुन ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर रणवीर द्वारा ब्लैक एंड व्हाइट खींची गई तस्वीर पोस्ट की। इस तस्वीर में वे पारंपरिक एथनिक लुक में नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने तस्वीर शेयर करते हुए धुरंधर के किरदार हमजा अली का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, “जब हमजा उर्फ जस्सी आपकी फोटो खींचता है… रणवीर सिंह।”
रणवीर और अर्जुन बहुत अच्छे दोस्त हैं। दोनों साथ में बहुत अच्छा बॉन्ड शेयर करते हैं। दोनों साथ में साल 2014 की एक्शन ड्रामा फिल्म ‘गुंडे’ में साथ नजर आए थे। इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा और इरफान खान भी अहम भूमिका में थे।
अली अब्बास जफर द्वारा लिखी और निर्देशित इस एक्शन फिल्म 70-80 के दशक की दोस्ती, प्यार, और एक्शन पर आधारित थी। फिल्म की कहानी 1971 के बांग्लादेश युद्ध के दौरान अनाथ हुए दो दोस्तों, बिक्रम और बाला, के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कोलकाता आकर कोयला माफिया बन जाते हैं। कहानी में मोड़ तब आता है, जब दोनों की जिंदगी में कैबरे डांसर नंदिता (प्रियंका चोपड़ा) आ जाती है। फिल्म में, जब दोनों नंदिता के प्यार में पड़ते हैं, तो उनकी दोस्ती और साम्राज्य पर खतरा मंडराने लगता है। साथ ही, एक ईमानदार पुलिस अफसर (इरफान खान) उन्हें पकड़ने की कोशिश करता है।
यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म के संगीत को दर्शकों ने खूब सराहा था। साथ ही, फिल्म व्यावसायिक रूप से सफल रही थी। यह फिल्म अब नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
अभिनेता अर्जुन कपूर की हालिया फिल्म 2025 में आई रोमांटिक-कॉमेडी ‘मेरे हसबैंड की बीवी’ थी, जो बॉक्स ऑफिस पर असफल रही थी। फिल्म में अर्जुन के अलावा, रकुल, भूमि पेडनेकर और कमेडियन हर्ष गुजराल मुख्य भूमिका में थे। फिल्म में हर्ष ने अर्जुन के अजीज दोस्त की भूमिका अदा की थी।

