Tuesday, August 18, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मिली जिम्मेदारी पर भाजपा नेताओं ने जताया आभार, बोले-जिम्मेदारी...

राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मिली जिम्मेदारी पर भाजपा नेताओं ने जताया आभार, बोले-जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएंगे

0
6

नई दिल्ली, 18 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जिम्मेदारी मिलने पर रोहन गुप्ता, अमर पाल मौर्य, सांसद कविता पाटीदार और मनप्रीत सिंह बादल ने प्रतिक्रिया दी है।

राष्ट्रीय सचिव के तौर पर नियुक्ति होने पर भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कहा, “मैं पार्टी नेतृत्व का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं कि उन्होंने पार्टी के एक आम कार्यकर्ता को इतनी अहम जिम्मेदारी सौंपी है। नितिन नवीन के नेतृत्व वाली टीम, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और बी.एल. संतोष भी शामिल हैं, का मकसद ऐसी टीम बनाना है जो लोगों की उम्मीदों को पूरा करने और यह समझने के लिए 24/7 काम करें कि वे भाजपा से क्या उम्मीद करते हैं।” उन्होंने कहा कि मैं देश की जनता और नेतृत्व को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि जो भी दायित्व दिया जाएगा, उसको पूरी जिम्मेदारी से निभाएंगे।

भाजपा ओबीसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर अमर पाल मौर्य ने कहा कि पीएम मोदी, नितिन नवीन और सभी राष्ट्रीय नेतृत्व को आभार प्रकट करता हूं। पार्टी ने जो जिम्मेदारी मुझे दी है, उसका निर्वहन करने का विश्वास दिलाता हूं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति की राह पर चल रहा है। भाजपा निर्बाध गति से समाज की सेवा में लगी हुई है।

भाजपा की राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने पर राज्यसभा सदस्य कविता पाटिदार ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि यह मेरे लिए गर्व की बात है कि मुझ जैसी छोटी कार्यकर्ता को पार्टी की ओर से इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। पीएम मोदी, नितिन नवीन, अमित शाह, मोहन यादव को मैं धन्यवाद देती हूं। शुरू से ही मैंने संगठन का काम किया है। संगठन में काम करने के लिए पार्टी ने बहुत मौके दिए, अब राष्ट्रीय स्तर पर मुझे जिम्मेदारी दी गई है।

कविता पाटिदार ने कहा कि भाजपा ही वो पार्टी है, जो बहनों के लिए कहती है तो करती है। अगर पार्टी की ओर महिला सशक्तीकरण के लिए बात कही गई है, तो हमारी योजनाओं और निर्णयों में उसका दृश्य देखने को मिलेगा। भाजपा की ओर से हमेशा बहनों के नेतृत्व पर भरोसा किया गया है। प्रधानमंत्री की ओर से बोला जाता है कि 2047 तक हम देश को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेकर चल रहे हैं तो इसमें महती भूमिका नारी शक्ति की होगी। कविता पाटिदार ने आगे कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व महिलाएं लखपति दीदी बन रही हैं तो फाइटर प्लेन भी उड़ा रही हैं। यह सारा बदलाव हमारी सरकार के सुशासन से ही संभव हो पाया है।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त होने पर मनप्रीत सिंह बादल ने आईएएनएस से कहा कि प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का दिल की गहराइयों से शुक्रिया अदा करता हूं। पार्टी की ओर से दी गई जिम्मेदारी को अच्छे से निभाऊंगा। 2047 तक विकसित भारत का हमारा जो लक्ष्य है, उसपर पहुंचने की मेरी ओर से पूरी कोशिश की जाएगी। पार्टी की ओर से दी गई जिम्मेदारी को मैं कोई ईनाम की तरह नहीं देखता, बल्कि इम्तिहान की तरह देखता हूं। वाहे गुरु से मेरी यही अरदास है कि इस इम्तिहान में मुझे कामयाबी मिले।