Thursday, June 25, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन शुरू, सरकार ने 10 जुलाई...

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन शुरू, सरकार ने 10 जुलाई तक आमंत्रित किए नामांकन

0
4

नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। शिक्षकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए एक आधिकारिक प्रेस रिलीज कर टीचरों से ऑनलाइन आवेदन और नामांकन आमंत्रित किए हैं।

ये पुरस्कार स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और छात्रों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने में शिक्षकों के उत्कृष्ट योगदान को मान्यता देते हैं। इसके लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकारों, केंद्र शासित प्रदेश प्रशासनों, स्थानीय निकायों द्वारा संचालित विद्यालयों और मान्यता प्राप्त बोर्डों से संबद्ध सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक दिशानिर्देशों के प्रावधानों के अंतर्गत आवेदन कर सकते हैं।

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन और नामांकन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से 15 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 10 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन करना चाहते हैं, वे राष्ट्रीय पुरस्कार के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर तय समय सीमा के अंदर नामांकन प्रक्रिया पूरा कर सकते हैं।

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्रतिवर्ष स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता, नवाचार और प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रदान किए जाते हैं। इससे जुड़ी विस्तृत दिशानिर्देश, पात्रता मानदंड, मूल्यांकन प्रक्रिया और समय-सीमा से जुड़ी जानकारी के लिए उम्मीदवारों को ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर उल्लेखित नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए शिक्षकों द्वारा अंतिम स्व-नामांकन जमा करने की तारीख 11 से 13 जुलाई के बीच तय की गई है। स्वतंत्र राष्ट्रीय चयन समिति का गठन जुलाई के मध्य में किया जाएगा। जिला/क्षेत्रीय चयन समितियों द्वारा चयन प्रक्रिया 14 से 21 जुलाई तक पूरी की जाएगी। राज्य/संगठन चयन समितियों द्वारा चयन प्रक्रिया 22 से 29 जुलाई तक खत्म की जाएगी।

चयनित उम्मीदवारों को सूचना और चयन समिति के साथ बातचीत 30 से 31 जुलाई के बीच की जाएगी। स्वतंत्र राष्ट्रीय चयन समिति द्वारा चयन प्रक्रिया 3 से 7 अगस्त तक पूरी की जाएगी। चयन समिति द्वारा अंतिम तौर पर प्रस्ताव 8 अगस्त को जारी किया जाएगा, जिसके बाद शिक्षा मंत्री की स्वीकृति के उपरांत चयनित विजेताओं को सूचना 10 से 20 अगस्त के बीच दी जाएगी। वहीं, पूर्वाभ्यास एवं पुरस्कार समारोह 4 और 5 सितंबर को आयोजित किए जाएंगे।

नेशनल टीचर्स अवार्ड्स हर वर्ष 5 सितंबर को दिए जाते हैं। इस दिन को मशहूर दार्शनिक और विद्वान सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में ‘शिक्षक दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। पिछले वर्ष राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में 45 असाधारण शिक्षकों को सम्मानित किया और उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। अवॉर्ड पाने वाले शिक्षकों में 24 पुरुष और 21 महिला शिक्षक शामिल थीं।