आरसीबी बनाम जीटी: साई सुदर्शन ने रचा इतिहास, क्रिस गेल का तोड़ा रिकॉर्ड

0
5

बेंगलुरु, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 34वें मुकाबले में शुक्रवार को गुजरात टाइटंस (जीटी) की भिड़ंत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के साथ हो रही है। एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में जीटी के बल्लेबाज साई सुदर्शन ने इतिहास रच दिया है।

साई सुदर्शन आईपीएल में सबसे तेज 2 हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। सुदर्शन ने आईपीएल में अपने 2 हजार रन सिर्फ 47वीं पारी में पूरे किए हैं। उन्होंने क्रिस गेल के बड़े रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। गेल ने यह मुकाम 48वीं पारी में हासिल किया था। गुजरात टाइटंस की तरफ से सुदर्शन आईपीएल में 2 हजार रन बनाने वाले शुभमन गिल के बाद महज दूसरे बल्लेबाज भी हैं।

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम को साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल ने जबरदस्त शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए मिलकर 76 गेंदों में 128 रनों की साझेदारी निभाई। गिल 24 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, सुदर्शन बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 57 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। सुदर्शन ने 58 गेंदों का सामना करते हुए 100 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 11 चौके और 5 छक्के लगाए।

सुदर्शन और गिल ने आईपीएल में पहले विकेट के लिए पांचवीं बार शतकीय साझेदारी निभाई। इस लीग में सुदर्शन-गिल से ज्यादा पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करने के मामले में सिर्फ शिखर धवन और डेविड वॉर्नर की जोड़ी आगे हैं। धवन-वॉर्नर ने आईपीएल में पहले विकेट के लिए छह बार शतकीय साझेदारी जमाई है।

इस मुकाबले के लिए गुजरात टाइटंस ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बड़े बदलाव किए हैं। जेसन होल्डर आईपीएल में जीटी की तरफ से अपना पहला मैच खेल रहे हैं। वहीं, मानव सुथार को भी अंतिम एकादश में शामिल किया गया है। आरसीबी की तरफ से इस मुकाबले में फिल साल्ट चोटिल होने की वजह से नहीं खेल रहे हैं। साल्ट के स्थान पर जैकब बेथेले को मौका दिया गया है।