मुंबई, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा की सदाबहार अभिनेत्री रेखा शनिवार को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर फिल्म इंडस्ट्री के उनके दोस्तों और चाहने वालों ने उन्हें जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं दीं और उनके साथ बिताए अपने शानदार पलों को भी याद किया।
अभिनेता और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अभिनेत्री रेखा को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अभिनेत्री की कई तस्वीरें पोस्ट कीं। ये तस्वीरें उन कार्यक्रमों और फिल्मों की हैं जो दोनों ने साथ में की हैं।
उन्होंने अपनी इस पोस्ट के जरिए अभिनेत्री के बेहतर स्वास्थ और खुश रहने की कामना की। उन्होंने लिखा, “जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं और बहुत सारा प्यार। आप खूबसूरती और स्टाइल की मिसाल हैं। भगवान करे आप हमेशा स्वस्थ और खुश रहें।”
दिग्गज अभिनेत्री और राजनेता हेमा मालिनी ने अपनी पुरानी दोस्त और अभिनेत्री रेखा को 72वें जन्मदिन पर बधाई देते हुए इंस्टाग्राम पर उनके साथ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें दोनों अभिनेत्रियां एक साथ मुस्कुराते हुए पोज दे रही हैं। हेमा मालिनी ने अपनी इस पोस्ट के जरिए न सिर्फ रेखा को याद किया बल्कि उनके खुश, स्वस्थ और समृद्ध रहने की कामना की। अभिनेत्री ने लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो प्यारी रेखा। भगवान तुम्हें हमेशा खुशी, अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि दे।”
अभिनेता चंकी पांडे ने भी रेखा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर अभिनेत्री की तस्वीर शेयर कर लिखा, “जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं रेखा जी।”
रेखा भारतीय सिनेमा की सबसे बेहतरीन अभिनेत्रियों में से एक हैं। उन्होंने 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है और उन्हें एक नेशनल फिल्म अवॉर्ड सहित कई पुरस्कार मिल चुके हैं। अपने करियर के दौरान रेखा ने कई बार खुद को नए रूप में पेश किया है और अपनी लोकप्रियता को बरकरार रखा है। मुख्य अभिनेत्री के तौर पर उनकी पहली फिल्म कन्नड़ फिल्म ‘ऑपरेशन जैकपॉट नल्ली सीआईडी 999’ थी। हिंदी सिनेमा में उन्होंने ‘सावन भादो’ से डेब्यू किया था। उन्हें शुरुआती पहचान 1978 में ‘घर’ और ‘मुकद्दर का सिकंदर’ फिल्मों में उनके अभिनय के लिए मिली।
