Sunday, July 12, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति रेवंत रेड्डी के 2029 वाले दावे पर भाजपा का पलटवार, गुरु प्रकाश...

रेवंत रेड्डी के 2029 वाले दावे पर भाजपा का पलटवार, गुरु प्रकाश बोले-जनता काम के आधार पर फैसला करेगी

0
5

पटना, 12 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा नेता गुरु प्रकाश ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के बयान पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि इस बार जनता ने कांग्रेस को मौका दिया है लेकिन जिस तरह से बड़बोलेपन के साथ रेवंत रेड्डी 2029 के चुनाव में बड़ी संख्या में सीटें जीतने का दावा कर रहे हैं, वह उचित नहीं है। वे सरकार में हैं, इसलिए उन्हें जनता के हित में काम करने पर ध्यान देना चाहिए, न कि ऐसे भड़काऊ और अतिरंजित बयानबाजी करनी चाहिए।

पटना में रविवार को आईएएनएस से बात करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि रेवंत रेड्डी ने उत्तर भारतीयों और बिहार के लोगों के खिलाफ भी कई आपत्तिजनक बयान दिए हैं। जो नेता असंवैधानिक और बांटने वाली राजनीति करता है, उसका यह दावा कि उसकी पार्टी सभी सीटें जीतेगी, उचित नहीं है। तेलंगाना की जनता ने इस बार कांग्रेस को मौका दिया है, लेकिन अगर सरकार इसी तरह काम करती रही तो अगले चुनाव में जनता उसे सत्ता से बाहर कर देगी।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के भाजपा को लेकर दिए बयान पर गुरु प्रकाश ने कहा कि इन आरोपों का कोई आधार नहीं है। इसका तर्क, तथ्य या सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है।

उन्होंने कहा, “उमर अब्दुल्ला को जम्मू-कश्मीर में सरकार चलाने का जनादेश मिला है। उन्हें केंद्र शासित प्रदेश के लोगों के लिए काम करने पर ध्यान देना चाहिए। बेकार की राजनीति और विरोध-प्रदर्शन में पड़ने के बजाय अपनी ऊर्जा क्षेत्र के विकास, बुनियादी ढांचे और जन-कल्याण के कार्यों में लगानी चाहिए।”

सीएम योगी आदित्यनाथ के बयान पर भाजपा नेता ने समाजवादी पार्टी की पूर्व सरकार के आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान मस्जिदों की दीवारों पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए गए, जबकि मंदिरों के लिए कुछ नहीं किया गया। उनकी सरकार में महाकुंभ के दौरान आजम खान को जिम्मेदारी दी जाती थी। 2027 के चुनाव को लेकर सपा जो कर रही है उस पर किसी को विश्वास नहीं है। राम भक्त तो इनकी नाव को डूबाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा नेता ने दावा किया है कि यह सीट वर्षों से भाजपा के पास रही है और जनता हर बार भाजपा को चुनती है। विपक्षी भले ही सोशल मीडिया पर प्रचार करें, लेकिन जनता भाजपा उम्मीदवार को ऐतिहासिक जनादेश देगी।

दतिया उपचुनाव में टिकट न मिलने पर नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों के विरोध पर गुरु प्रकाश ने कहा, “भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र और अनुशासन सबसे ऊपर है। कोई भी नेता इनसे ऊपर नहीं है। कुछ अन्य पार्टियों के विपरीत, हम परिवार या व्यक्ति को सर्वोपरि नहीं मानते। यहां व्यक्ति नहीं, विचार और कार्यकर्ता को महत्व दिया जाता है।”