SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय रियाद एयरपोर्ट पर हमले को ईयू ने बताया ‘आतंक की भयावह घटना’

रियाद एयरपोर्ट पर हमले को ईयू ने बताया ‘आतंक की भयावह घटना’

0
7

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। यूरोपीय संघ (ईयू) प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले की निंदा की है। उन्होंने इसके लिए ईरान समर्थित गुट को जिम्मेदार ठहराया और अपील की कि इस तरह के हमले बंद किए जाने चाहिए। वहीं ईयू की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्लास ने इसे आतंक की भयावह घटना करार दिया।

वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “ईरान के प्रॉक्सी (समर्थित या छद्म गुट) द्वारा किए जा रहे ये हमले इलाके को हिंसा के चक्र में धकेल रहे हैं। इनसे दुनिया भर में हलचल मच रही है और अहम ग्लोबल ट्रांसपोर्ट और एनर्जी हब अस्थिर हो रहे हैं। आम नागरिकों पर होने वाले ये जानलेवा हमले तुरंत बंद होने चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि इस विषम स्थिति में ईयू “सऊदी अरब के साथ खड़ा” है।

ईयू की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्लास ने भी हमले की निंदा करते हुए इसे “आतंक की भयावह घटना” करार दिया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “आम नागरिकों और नागरिक केंद्रों पर अंधाधुंध हमलों का कोई औचित्य नहीं हो सकता।”

कल्लास का कहना है कि वह सऊदी अरब में अपने समकक्ष के लगातार संपर्क में हैं और उनका मानना ​​है कि रेड सी में ईयू के नौसैनिक मिशन और रियाद के नेतृत्व वाले समुद्री गठबंधन के बीच सहयोग बढ़ाना “बहुत जरूरी” है।

10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में 12 लोगों की मौत हो गई थी और सैकड़ों की तादाद में लोग घायल हो गए थे। इस महले की दुनिया के तमाम देशों ने निंदा की।

संयुक्त राष्ट्र में यमन मामलों के विशेष दूत हंस ग्रुंडबर्ग ने सऊदी अरब के नागरिक हवाई अड्डों पर हुए हमलों को गंभीर तनाव बढ़ाने वाली कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं, हिंसा के चक्र को बढ़ाते हैं और यमन में शांति स्थापित करने के प्रयासों को और कठिन बनाते हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमले को ‘भयानक’ बताया। उन्होंने कहा कि वह सऊदी अरब के वास्तविक सत्ता केंद्र माने जाने वाले क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से जल्द बात करेंगे।

वहीं, मिस्र के विदेश मंत्रालय ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन बताया।

भारत ने भी हमले की निंदा करते हुए सऊदी अरब के साथ एकजुटता दिखाई। विदेश मंत्रालय ने कहा कि आम नागरिकों और नागरिक केंद्रों को निशाना बनाकर किए जा रहे हमले पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और हिंसा को तुरंत रोका जाना चाहिए।