नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष काजा कल्लास ने कहा है कि यूरोपीय संघ ने रूस के खिलाफ 21वें प्रतिबंध पैकेज पर सहमति बना ली है। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने रूस के खिलाफ यूरोपीय संघ के 21वें प्रतिबंध पैकेज पर हुए समझौते का स्वागत किया है।
काजा कल्लास के मुताबिक, नए प्रतिबंध रूस की अर्थव्यवस्था और युद्ध चलाने की क्षमता को कमजोर करने के लिए हैं। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि जरूरत पड़ने पर आगे और कड़े कदम भी उठाए जा सकते हैं। वहीं, उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि नए प्रतिबंधों का उद्देश्य रूस की युद्ध क्षमता को आर्थिक रूप से कमजोर करना और यूक्रेन के समर्थन को और मजबूत करना है।
यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष काजा कल्लास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, ”हमने रूस के खिलाफ 21वें प्रतिबंध पैकेज पर सहमति बना ली है। इसमें रूस की वित्तीय व्यवस्था, उसके सैन्य-औद्योगिक तंत्र और ऊर्जा क्षेत्र को निशाना बनाने वाले कड़े कदम शामिल हैं। यही वे क्षेत्र हैं जो रूस की युद्ध अर्थव्यवस्था को चलाए रखते हैं।”
उन्होंने कहा कि हम पुतिन को वहीं चोट पहुंचा रहे हैं, जहां सबसे ज्यादा असर होगा। उनके युद्ध को जारी रखने के लिए जिन वित्तीय स्रोतों पर वे निर्भर हैं, उन्हें बंद करके। काजा कल्लास ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधों का सिलसिला यहीं खत्म नहीं होगा। हम पहले से ही अगले कदमों पर काम कर रहे हैं। अगर रूस आगे कोई और तनाव बढ़ाने वाला कदम उठाता है, तो यूरोपीय संघ को उसका जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार रहना होगा।
यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी समझौते का स्वागत करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, ”ऐसे समय में, जब यूक्रेन ने सैन्य मोर्चे पर बढ़त बनाई है, हमारे प्रतिबंध रूस के युद्ध प्रयासों की आर्थिक नींव को लगातार कमजोर कर रहे हैं। हम 32 और रूसी बैंकों को लेनदेन पर रोक वाली सूची में जोड़ रहे हैं। इसके साथ ही, कुछ क्रिप्टो कंपनियों और तेल कारोबार से जुड़े प्लेटफॉर्म पर भी प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं।”
प्रेसिडेंट उर्सुला ने बताया कि हमने तेल की कीमत की सीमा (प्राइस कैप) में बदलाव को एक साल के लिए रोक दिया है, ताकि रूस की युद्ध मशीन को बाजार में होने वाले उतार-चढ़ाव का फायदा न मिल सके।
उन्होंने कहा कि पहली बार, हम उन जहाजों को निशाना बना रहे हैं जो रूस के शैडो फ्लीट की मदद कर रहे हैं। हमने रूस के लड़ाकों के यूरोपीय संघ में प्रवेश पर औपचारिक प्रतिबंध लगाने की दिशा में एक अहम कदम भी उठाया है। इस समझौते को संभव बनाने में मदद करने के लिए ईयू काउंसिल की आयरिश प्रेसीडेंसी का बहुत-बहुत धन्यवाद।

