SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय भारत के साथ हमारे संबंध किसी राजनीतिक पार्टी पर निर्भर नहीं, कोलकाता...

भारत के साथ हमारे संबंध किसी राजनीतिक पार्टी पर निर्भर नहीं, कोलकाता में बोले रूसी संघ के महावाणिज्यदूत

0
6

कोलकाता, 31 अगस्त (आईएएनएस)। कोलकाता में रूसी संघ के महावाणिज्यदूत मैक्सिम कोजलोव ने ‘संपर्क – भारत-रूस द्विपक्षीय सम्मेलन 2026’ को लेकर बात की। इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात और भारत-रूस के संबंधों पर बात की गई। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने न्यूज एजेंसी आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा कि भारत और रूस के बीच के संबंध किसी राजनीतिक पार्टी पर निर्भर नहीं है।

मैक्सिम कोजलोव ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं कि इस कार्यक्रम का आयोजन भारत के इस हिस्से में किया गया है। आम तौर पर आयोजन नई दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में होता है, लेकिन यह पहली बार है, जब पूर्वी भारत में कोई प्रोग्राम हो रहा है। संपर्क पहल स्वागत योग्य है। यह पहली बार हुआ है, लेकिन इसके तहत नए-नए कार्यक्रमों का आयोजन किया गया होगा। कई मुद्दों पर काफी चर्चाएं हुई हैं।”

उन्होंने कहा कि “मैं बस यह कहना चाहता हूं कि रूस और भारत के बीच संबंध सत्ता में मौजूद राजनीतिक पार्टी पर निर्भर नहीं करते। कांग्रेस सरकार, नई सरकार और सभी के साथ हमारे बहुत अच्छे और मजबूत संबंध हैं।”

जनरल मैक्सिम कोजलोव ने कहा, “जुड़ाव कभी खत्म नहीं होते। हम अलग-अलग क्षेत्र में अपना जुड़ाव जारी रखते हैं। मैंने भारत में इस शानदार कार्यक्रम और प्रस्तुति का जिक्र किया, जहां कई रूसी कंपनियां अपने प्रोडक्ट्स दिखाने आ रही हैं। मुंबई में मेड इन रशिया पवेलियन भी खोला गया है।”

मैक्सिम कोजलोव ने कहा कि इस फ्रेमवर्क के तहत हमारे नेता ( भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन) मिलने वाले हैं। हम दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स समिट के दौरान द्विपक्षीय और बहुपक्षीय मुलाकातों का भी इंतजार कर रहे हैं।

संपर्क 2026 पूर्वी भारत का पहला उच्चस्तरीय भारत-रूस द्विपक्षीय सम्मेलन है, जिसे कोलकाता स्थित थिंक टैंक पी3 द्वारा आयोजित किया गया है। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य दिल्ली-केंद्रित चर्चाओं के दायरे को बढ़ाकर पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत को भारत-रूस रणनीतिक और व्यावसायिक साझेदारी का नया केंद्र बनाना है।