Wednesday, August 5, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय सभी अस्पताल सतर्क, फाफामऊ घटना से प्रभावित लोगों के साथ सरकार: ब्रजेश...

सभी अस्पताल सतर्क, फाफामऊ घटना से प्रभावित लोगों के साथ सरकार: ब्रजेश पाठक

0
26

प्रयागराज, 23 मार्च (आईएएनएस)। प्रयागराज के फाफामऊ में एक कोल्ड स्टोरेज की इमारत ढहने से चार श्रमिकों की मौत हो गई है। बिल्डिंग गिरने से अमोनिया गैस का रिसाव हुआ है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। बचाव दल, पुलिस कर्मी मलबे के नीचे फंसे श्रमिकों को बचाने के लिए काम कर रहे हैं। एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। इस हादसे पर पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त किया है।

यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रयागराज की घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारी प्राथमिकता है कि घायलों को बेहतर इलाज मिले। सभी अस्पतालों को सतर्क रखा गया है। इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। जो लोग हताहत हुए हैं, उनके साथ सरकार खड़ी है।

इस मामले पर मंत्री राकेश सचान और ओम प्रकाश राजभर की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जाएगी, और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि यह घटना दुखद है और मुख्यमंत्री ने भी मामले में संज्ञान लिया है। जो दोषी होंगे, उनपर कार्रवाई होगी। घायलों और मृतकों के प्रति हमारी संवेदना है।

मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। सरकार इस घटना पर कड़ी नजर रख रही है।

पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने कहा कि कोल्ड स्टोरेज की छत गिरने से घटना हुई है। राहत और बचाव के लिए एसडीआरएफ की टीमें लगी हुई हैं। बनारस से एनडीआरएफ की एक टीम आ चुकी है। 16 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है और 12 लोग घायल हैं।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि अंसार अहमद का ये कोल्ड स्टोरेज है। लापरवाही पूर्वक स्ट्रक्चर बनाया गया था, इसलिए यह घटना हुई। जिलाधिकारी कमेटी बनाकर इसकी जांच कराएंगे। इस मामले में पुलिस एक्शन लेगी।

डीएम मनीष वर्मा ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि कोल्ड स्टोरेज दुर्घटना में चार श्रमिकों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए।