पटना, 12 मई (आईएएनएस)। बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के शराबबंदी वाले बयान पर जोरदार पलटवार किया। उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी है, इसमें किसी को शक नहीं होना चाहिए।
पटना स्थित सचिवालय में सोमवार को कूड़ेदान से शराब की बोतलें मिलने से राजनीति तेज हो गई है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर आरोप लगाया है कि प्रदेश में शराबबंदी पूरी तरह से फेल हो चुकी है।
तेजस्वी ने कहा कि सचिवालय जैसे संवेदनशील परिसर में शराब की बोतलें मिलना कई सवाल खड़े करता है। यह जांच का विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि शराबबंदी का फायदा आम जनता को नहीं, बल्कि सत्ता में बैठे लोगों को मिल रहा है।
तेजस्वी के बयान पर आईएएनएस से बातचीत में बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई होती है। सचिवालय में जो बोतलें मिली हैं, जांच की जा रही है; सख्त कार्रवाई की जाएगी, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
पीएम मोदी की देशवासियों से की गई अपील का समर्थन करते हुए मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि पीएम मोदी की अपील सराहनीय और राष्ट्रहित में है। आज के संकट को देखते हुए पीएम मोदी ने अपील की है। कोरोना काल में भी उनकी अपील को जनता ने स्वीकार किया था। मुझे उम्मीद है कि इस बार भी जनता राष्ट्रहति के लिए अपील को स्वीकर करेगी।
हिमंता बिस्वा सरमा के दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर मंत्री रामकृपाल यादव ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि असम की जनता को आभार। सरमा ने पांच वर्षों में प्रदेश के विकास को बढ़ाया है। वहां की कानून व्यवस्था को ठीक किया है।
बिहार के शिक्षा मंत्री का बचाव करते हुए रामकृपाल यादव ने कहा कि ऐसा किसी की मानसिकता नहीं हो सकती है। शिक्षा मंत्री का भाव इस रूप में नहीं था कि बेटियों को नहीं पढ़ाओ, वह तो घर-घर शिक्षा जलाने की शपथ ले रखी है।

