Thursday, August 6, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति समाजवादी पार्टी ने हमेशा ब्राह्मणों का अपमान किया: भाजपा विधायक नंद किशोर...

समाजवादी पार्टी ने हमेशा ब्राह्मणों का अपमान किया: भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर

0
4

लखनऊ, 6 अगस्त (आईएएनएस)। ब्राह्मण सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के भाषण पर भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। सपा पर तीखे राजनीतिक आरोप लगाते हुए उन्होंने कई अहम मुद्दों पर अपनी पार्टी का पक्ष रखा।

ब्राह्मण सम्मेलन में अखिलेश यादव के संबोधन पर भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि इससे बड़ा अपमान ब्राह्मण समाज का उसके अपने मंच से नहीं हो सकता। समाजवादी पार्टी की सोच हमेशा से ब्राह्मण समाज के प्रति सम्मानजनक नहीं रही है और अतीत में भी कई अवसरों पर पार्टी नेताओं द्वारा ब्राह्मणों और पत्रकारों के प्रति कथित रूप से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। सनातन परंपरा में ब्राह्मणों को देवतुल्य माना जाता है और साधु-संतों का सम्मान भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। सपा सरकार के कार्यकाल में कथावाचकों और संतों का भी अपमान किया गया और ऐसे कई उदाहरण सामने आए, जिनसे ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत हुईं।

अखिलेश यादव द्वारा ‘पीडीए’ में ‘पी’ का अर्थ ‘पंडित’ बताए जाने पर भाजपा विधायक ने कहा कि यदि वास्तव में पंडितों का सम्मान होता, तो उनके बारे में कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणियों का समर्थन नहीं किया जाता। उन्होंने दावा किया कि ब्राह्मण समाज सनातन संस्कृति की रक्षा करने वाला समाज है और उसका अपमान प्रदेश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। जिस सम्मेलन को ब्राह्मण सम्मेलन बताया गया, उसमें बड़ी संख्या में ब्राह्मण मौजूद नहीं थे। यदि वास्तव में स्वाभिमानी ब्राह्मण बड़ी संख्या में उपस्थित होते तो कथित अपमानजनक टिप्पणियों का विरोध वहीं होता।

कानपुर के हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे की गाड़ी पलटने के समय ली गई कथित सैटेलाइट तस्वीरों को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले भी अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जैसे अपराधियों के मामलों में सवाल उठाती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ था। लेकिन, वर्तमान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और महिलाएं पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं। राज्य में सभी वर्गों की बेटियां आगे बढ़ रही हैं और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार हुआ है।

विधानसभा में संभल हिंसा से संबंधित रिपोर्ट पेश किए जाने लेकिन उस पर चर्चा नहीं हो पाने के सवाल पर नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि संभल में संगठित तरीके से हिंसा और अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिश की गई। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों को अतीत में पलायन करना पड़ा या जिनकी संपत्तियों पर कथित रूप से कब्जा हुआ, उन्हें न्याय दिलाने और पुनर्वास सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार कदम उठाएगी।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत की जेनजी के साथ बातचीत पर भाजपा विधायक ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि संघ के विचार युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि देश का युवा वर्ग राष्ट्रवाद और भारत को विश्वगुरु बनाने के विचार से जुड़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी लोकप्रियता लगातार बनी हुई है और युवाओं के बीच राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को लेकर जागरूकता बढ़ी है। मोहन भागवत के विचार नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने में सहायक होंगे।

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक उमा शंकर सिंह के निधन पर नंद किशोर गुर्जर ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उमा शंकर सिंह बेहद मिलनसार, प्रभावशाली और सारगर्भित वक्ता थे। सभी दलों के नेताओं के बीच उनका सम्मान था। उनके असामयिक निधन से विधानसभा और प्रदेश की राजनीति को बड़ी क्षति हुई है। गुर्जर ने भगवान से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।