नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। जहाजों को अब वास्तविक समुद्री परिस्थितियों में उतारे बिना भी उनकी सुरक्षित आवाजाही और टक्कर से बचने की तकनीक का परीक्षण किया जा सकेगा।
आईआईटी मद्रास के शोधकर्ताओं ने ‘सीनेव’ नाम का एक आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया है। इसकी मदद से समुद्र की लहरों, मौसम, जहाजों की आवाजाही और आसपास मौजूद दूसरे जहाजों जैसी परिस्थितियों को आभासी दुनिया में हूबहू तैयार किया जा सकता है। इस प्लेटफॉर्म पर स्वचालित जहाजों की दिशा तय करने, रास्ते पर चलने और दूसरे जहाजों से टक्कर बचाने वाली तकनीकों का परीक्षण किया जा सकेगा।
खास बात यह है कि शोधकर्ताओं ने इस प्लेटफॉर्म पर एआई की मदद से जहाजों को खुद रास्ता चुनने और टक्कर से बचने में सफलतापूर्वक काम करते हुए भी दिखाया है। आईआईटी मद्रास के महासागर इंजीनियरिंग विभाग ने यह प्लेटफॉर्म तैयार किया है। इसमें डिजिटल प्रतिरूप, एआई, आभासी वास्तविकता और कई तरह के सेंसर से मिलने वाली जानकारियों को एक साथ इस्तेमाल किया गया है। इसका उद्देश्य ऐसे जहाजों के विकास और परीक्षण को आसान बनाना है, जो बिना मानवीय नियंत्रण के खुद समुद्र में रास्ता तय कर सकें। साथ ही, समुद्री पेशेवरों और जहाज चलाने वालों को भी वास्तविक परिस्थितियों जैसा प्रशिक्षण दिया जा सकेगा।
दरअसल, दुनिया का 80 प्रतिशत से अधिक व्यापार समुद्री रास्तों से होता है। ऐसे में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही बेहद अहम है। भविष्य में स्वचालित जहाज समुद्री परिवहन को अधिक सुरक्षित और प्रभावी बना सकते हैं, लेकिन इनकी तकनीक को खुले समुद्र में आजमाना आसान नहीं है। इसके लिए काफी धन खर्च करना पड़ता है और खराब मौसम या व्यस्त समुद्री मार्गों में परीक्षण करना जोखिम भरा भी हो सकता है।
आईआईटी के मुताबिक सीनेव इस चुनौती का समाधान पेश करता है। इसमें समुद्र, जहाजों, सेंसर और आसपास के समुद्री यातायात का वास्तविक समय में डिजिटल वातावरण तैयार किया जाता है। इससे शोधकर्ता बिना किसी वास्तविक जहाज को समुद्र में उतारे हजारों घंटे तक अलग-अलग परिस्थितियों में उसकी तकनीक को परख सकते हैं। इस प्लेटफॉर्म की एक बड़ी खासियत यह है कि इसमें एक साथ कई स्वचालित जहाजों का संचालन और प्रशिक्षण किया जा सकता है।
व्यस्त समुद्री रास्तों और बंदरगाहों के आसपास जहाजों को अंतरराष्ट्रीय समुद्री टक्कर रोकने के नियमों का पालन करना होता है। साथ ही, उन्हें आसपास चल रहे कई दूसरे जहाजों की दिशा और गति पर भी नजर रखनी पड़ती है। आईआईटी का कहना है कि सीनेव में एआई से लैस कई जहाज एक साथ सीख सकते हैं और अपनी आवाजाही की रणनीति तैयार कर सकते हैं। इससे भीड़भाड़ वाले समुद्री रास्तों में सुरक्षित संचालन की तकनीक विकसित करने में मदद मिलेगी।
सीनेव को यूनिटी-3डी तकनीक की मदद से तैयार किया गया है। इसमें समुद्र की लहरों, जहाजों की गति और समुद्री वातावरण का डिजिटल प्रतिरूप बनाया जाता है। इसकी सटीकता जांचने के लिए करीब 320 मीटर लंबे एक बड़े तेल टैंकर को मानक जहाज के रूप में इस्तेमाल किया गया है। इससे आभासी वातावरण में मिलने वाले परिणाम वास्तविक व्यावसायिक जहाजों की परिस्थितियों के काफी करीब रखे जा सकते हैं।
इसमें कई तरह के आधुनिक सेंसर से मिलने वाली जानकारियों को एक साथ जोड़ने की व्यवस्था भी है। इसमें लेजर आधारित दूरी मापने वाली प्रणाली, समुद्री रडार और दो कैमरों से मिलने वाली तस्वीरों का इस्तेमाल किया जाता है। आमतौर पर कई सिमुलेटर यह मानकर चलते हैं कि सेंसर से मिलने वाली जानकारी हमेशा पूरी तरह सही होगी। लेकिन सीनेव में सेंसर की वास्तविक सीमाओं को भी शामिल किया गया है।
इसमें जानकारी में आने वाली गड़बड़ी और देरी को भी दिखाया जाता है। इससे जहाजों की दिशा तय करने वाली तकनीक को कोहरे, बारिश और कम दृश्यता जैसी मुश्किल परिस्थितियों में भी परखा जा सकता है।
–आईएएनएस
जीसीबी/एएस
