कानपुर, 3 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में हुए संदीप सिंह हत्याकांड को लेकर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस हत्याकांड मामले में समाजवादी पार्टी के नेता का नाम सामने आ रहा है, जिसे मास्टरमाइंड कहा जा रहा है।
आईएएनएस से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि लखनऊ में हुए हत्याकांड में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता के शामिल होने की जानकारी सामने आ रही है। मैं लगातार यह कहता आ रहा हूं कि समाजवादी पार्टी के शासन काल में गुंडे, माफियाओं को पोषित किया जाता है। सपा सरकार ऐसे ही लोगों को प्रमोट करने का काम करती है।
उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक देखकर समाजवादी पार्टी अपने माफिया गिरोह, आपराधिक तत्वों के सहारे इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिला रही है। ऐसे तत्वों को बेनकाब किया जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हमें पता है कि अपराध कौन कर रहा है और अपराधी कौन हैं, किसी को नहीं छोड़ा जाएगा। हमारी सरकार अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। हम कानून व्यवस्था को ठीक रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बता दें कि लखनऊ के रियल स्टेट कारोबारी संदीप सिंह की गोली मार कर हत्या कलर दी गई। इस मामले में दिनेश यादव, समाजवादी पार्टी (एसपी) की लोहिया वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष को मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। 27 मई को संदीप सिंह की पीजीआई पुलिस थाना क्षेत्र में बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले की जांच के लिए पुलिस और एसटीएफ की कई टीमें तैनात की गईं।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच जमीन को लेकर विवाद था। यही विवाद हत्या की वजह बना। इस मामले में पुलिस ने इस मामले में दिनेश यादव और उसके ड्राइवर मुकर्रबीन को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही कई लग्जरी गाड़ियों को भी जब्त कर लिया है।
हत्या करने वाले शूट अभी भी फरार हैं। बताया जा रहा है कि हत्या करने के लिए दो शूटर्स को 5 लाख रुपए दिए गए थे।

