संस्थान सिर्फ उड़ान दे सकता है, ऊंचाई आपको खुद तय करनी होगी: अनुपम खेर

0
7

नई दिल्ली, 31 जनवरी (आईएएनएस)। अभिनेता अनुपम खेर ने अपने अभिनय संस्थान ‘एक्टर्स प्रिपेयर्स’ का नया केंद्र दिल्ली के सफदरगंज एन्क्लेव में शुरू कर दिया है। हाल ही में आईएएनएस के साथ खास बातचीत में अभिनेता ने बताया कि संस्थान छात्रों को बस शुरुआती उड़ान दे सकता है, लेकिन आगे का रास्ता उन्हें खुद तय करना होगा।

उन्होंने कहा, “हमारे संस्थान में बहुत ही उम्दा और अनुभवी शिक्षक पढ़ाते हैं। मैं खुद को बहुत भाग्याशाली मानता हूं कि मैंने इब्राहिम अल्काजी और कमाल अलाना जैसे महान गुरुओं से एक्टिंग की शिक्षा ली है।”

उन्होंने बताया कि वे अपने स्कूल को बहुत अनुशासन के साथ चलाते हैं। अनुपम खेर ने कहा कि समय के साथ बदलाव जरूरी है और आज के दौर में डिजिटल तरीकों को अपनाना भी जरूरी हो गया है, लेकिन अभिनय के नियम कभी नहीं बदल सकते।

अनुपम खेर ने कहा, “एक्टिंग का मूल मंत्र बहुत आसान है लगातार मेहनत करना और हर दिन अभ्यास करते रहना। हम आपको अपने संस्थान से उड़ान दे सकते हैं, लेकिन कितना ऊंचा उड़ना चाहते हो उसके लिए आपको मेहनत करनी होगी।”

अभिनेता ने बताया कि वे आज भी अपने अभिनय को निखारने के लिए थिएटर करते हैं और अभी एक प्ले की तैयारी कर रहा हूं। यह मेरे अंदर के अभिनेता को जिंदा रखता है। इसके जरिए मैं अपने अभिनय को बेहतर बनाता हूं और जब मैं अपने संस्थान में पढ़ाता हूं, तो ये महसूस करता हूं कि मुझे खुद कितना ज्यादा आता है। पढ़ाना एक खास अनुभव है, क्योंकि इस पेशे में कई बार शिक्षक को ही छात्र से ज्यादा फायदा होता है। पढ़ाने से इंसान को अपने ज्ञान को और गहराई से समझने का मौका मिलता है।”

अनुपम खेर ने आगे कहा, “थिएटर बहुत जरूरी है और अपने आप काम बनाया जाता है। बहुत सारे लोग कहते हैं कि कुछ नहीं होता है, मंडी हाउस में बैठे रहते हैं। मैं तो अपने स्टूडेंट्स को कहता हूं कि आज आपके पास डिजिटल कैमरा है। उस पर अपनी एक एक्टिंग की रील बनाएं और देखना कि उससे कितना फायदा मिलता है।”