SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय बिहार : सारण में ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, चार लोगों...

बिहार : सारण में ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, चार लोगों की मौत

0
6

छपरा, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के सारण जिले में मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पिता और उनकी दो वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गड़खा थाना क्षेत्र में छपरा-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-722 पर पहाड़पुर के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक परिवार लुधियाना में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। समारोह के बाद परिवार बिहार लौटा और छपरा जंक्शन पर ट्रेन से उतरने के बाद ऑटो से अपने घर के लिए रवाना हुआ। इसी दौरान गड़खा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। घर लौट रहे परिवार की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं।

बताया जा रहा है कि ऑटो में चालक और खलासी समेत कुल छह लोग सवार थे। ट्रक की टक्कर के बाद ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे में चालक और उसके सहयोगी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

मृतकों में सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र के पूरे छपरा गांव निवासी विशाल कुमार की पत्नी अनु कुमारी और उनका बेटा ऋषभ कुमार शामिल हैं। मां और मासूम बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे में विशाल कुमार और उनकी बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का उपचार एक अस्पताल में चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।