SGSU Advertisement
Home राजनीति सत्ता परिवर्तन सिर्फ चुनाव से होता है, सपनों की दुनिया से बाहर...

सत्ता परिवर्तन सिर्फ चुनाव से होता है, सपनों की दुनिया से बाहर आए विपक्ष: प्रवीण खंडेलवाल

0
11

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने आम आदमी पार्टी (आप), शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत एक मजबूत लोकतंत्र है और देश में सत्ता परिवर्तन केवल चुनावों के माध्यम से होता है। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब को नशामुक्त बनाने, राष्ट्रीय विकास में सभी की भागीदारी और स्वच्छता के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। वहीं, मुंबई में भाजपा विधायक राम कदम ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को लेकर राहुल गांधी के बयानों पर सवाल उठाए।

शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत के सत्ता परिवर्तन संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि भारत का लोकतंत्र बेहद मजबूत है। यहां जब भी सत्ता परिवर्तन होता है, वह चुनाव के माध्यम से ही होता है। उन्होंने कहा कि देश में अब तक यही परंपरा रही है।

खंडेलवाल ने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग सत्ता परिवर्तन या व्यवस्था बदलने की बातें करने के सपने देख रहे हैं, उन्हें अपनी सपनों की दुनिया से बाहर आना चाहिए। उन्होंने कुछ विपक्षी नेताओं की सोच को ‘दिमागी नक्सलवाद’ करार देते हुए आरोप लगाया कि ऐसे लोग लोकतांत्रिक व्यवस्था की वास्तविकता को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।

पंजाब में नशे के कारोबार को लेकर प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश से नक्सलवाद को खत्म करने का संकल्प लिया गया, उसी तरह पंजाब से भी नशे के कारोबार को जड़ से उखाड़ फेंका जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के शासनकाल में पंजाब नशे की समस्या की चपेट में आ गया, जिससे राज्य के लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

खंडेलवाल ने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाना भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने भरोसा जताया कि नशे के कारोबार के खिलाफ निर्णायक कदम उठाए जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के शत्रुओं के खिलाफ एकजुट होने के आह्वान पर भी भाजपा सांसद ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री शुरू से ही देश के निर्माण में सभी की भागीदारी पर जोर देते रहे हैं। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास’ उनका मूल मंत्र रहा है।

खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि देश में कुछ विपक्षी दलों और नेताओं को राष्ट्रीय प्रगति से कोई लेना-देना नहीं है और वे अपने राजनीतिक स्वार्थों को राष्ट्रसेवा से ऊपर रखते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद ऐसे नेताओं को आत्ममंथन करना चाहिए और देश की मुख्यधारा से जुड़कर विकास में योगदान देना चाहिए।

दिल्ली में रामलीला कार्यक्रम के दौरान कॉकरोच का पुतला जलाए जाने को लेकर आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज द्वारा एफआईआर दर्ज करने की मांग पर भी खंडेलवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल किया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने का आधार क्या है।

खंडेलवाल ने कहा कि कॉकरोच बीमारी और अस्वच्छता से जुड़ा होता है। यदि स्वच्छता के संदेश को ध्यान में रखकर उसका पुतला जलाया जा रहा है, तो सौरभ भारद्वाज को इससे क्या आपत्ति हो सकती है? उन्होंने भारद्वाज पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी प्रतिक्रिया से ऐसा लगता है कि वह इस मामले को अनावश्यक रूप से तूल दे रहे हैं।