SGSU Advertisement
Home राजनीति सत्य निकेतन हादसा: 3 की मौत, 11 को बचाया गया; जेपी नड्डा...

सत्य निकेतन हादसा: 3 की मौत, 11 को बचाया गया; जेपी नड्डा ने सीएम से बात कर हरसंभव मदद का दिया भरोसा

0
3

नई दिल्ली, 6 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक इमारत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 11 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाल लिया गया है। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी दी है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फोन पर बात की और हालात का जायजा लिया। उन्होंने राज्य सरकार को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से हर जरूरी मदद का भरोसा दिलाया है।

जेपी नड्डा ने एम्स नई दिल्ली के निदेशक और दिल्ली में केंद्र सरकार के सभी अस्पतालों को निर्देश दिया है कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता और सहयोग दिया जाए। घायलों के इलाज में किसी भी तरह की कमी न रहे, इसके लिए सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है।

घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता स्वयं मौजूद हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रही हैं। उनके साथ मंत्री कपिल मिश्रा, स्थानीय विधायक और सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं और मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है। मलबे में अभी कुछ बच्चे फंसे हुए हैं। एक-एक बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ की टीम आधुनिक कैमरों और उपकरणों की मदद से लगातार कोशिश कर रही है। मलबे में फंसे लोगों तक ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर अंदर भेजे गए हैं, ताकि उनकी सांसें बनी रहें और उन्हें समय रहते बचाया जा सके।

आसपास की इमारतों को एहतियातन खाली करा लिया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इमारत काफी पुरानी थी और अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि सरकार की पहली प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि रेस्क्यू में कोई लापरवाही न हो। हादसे के कारणों की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।