SGSU Advertisement
Home राजनीति सत्य निकेतन इमारत हादसा: मुख्य आरोपी शुभम त्यागी अभी भी फरार, पुलिस...

सत्य निकेतन इमारत हादसा: मुख्य आरोपी शुभम त्यागी अभी भी फरार, पुलिस ने तेज की तलाश

0
1

नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए दर्दनाक इमारत हादसे के मामले में अभी भी एक मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि दिल्ली पुलिस ‘हॉस्टल डेज’ पीजी के संचालक शुभम त्यागी की तलाश तेज कर रही है, जो घटना के बाद से फरार है।

सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत गिरने से सात लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें पांच छात्र और दो मजदूर शामिल थे, जबकि पांच अन्य घायल हो गए थे। इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांचकर्ताओं ने गिरफ्तार आरोपी सुधांशु लोवनीश का मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। पुलिस उसके कॉल रिकॉर्ड, चैट और अन्य डिजिटल डेटा की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि पता चल सके कि हादसे के तुरंत बाद उसने किससे संपर्क किया और क्या बातचीत हुई। डिजिटल सबूतों से घटना के पीछे की पूरी साजिश और लापरवाही को समझने में मदद मिलेगी।

जांच में सामने आया है कि हादसे वाले दिन इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर बड़े पैमाने पर निर्माण और मरम्मत का काम चल रहा था। सूत्रों ने बताया कि दुकान के लिए जगह बनाने के चक्कर में ग्राउंड फ्लोर की एक दीवार हटा दी गई थी। कथित तौर पर कमर्शियल फायदे के लिए ग्राउंड फ्लोर पर विस्तार का काम किया जा रहा था, जिसने इमारत की नींव को कमजोर कर दिया।

इसके अलावा, कई दिनों की बारिश के बाद बेसमेंट में कचरा और पानी भर गया था। उसे साफ करने के बाद वहां मरम्मत का काम शुरू किया गया था। जांच में यह भी पता चला है कि बेसमेंट के लेवल को ग्राउंड फ्लोर के बराबर लाने के लिए कथित तौर पर वहां तीन ट्रक मलबा डाला गया था, जिससे इमारत पर अतिरिक्त दबाव पड़ा।

पुलिस ने इस मामले में अब तक इमारत के मालिक के बेटे महेश, लेबर कॉन्ट्रैक्टर सानोज कुमार और पीजी ऑपरेटर सुधांशु लोवनीश को गिरफ्तार किया है। वहीं, इमारत के मालिक 81 वर्षीय हरिराम गुप्ता और उनकी 75 वर्षीय पत्नी उर्मिला भी न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी शुभम त्यागी और गिरफ्तार सुधांशु मिलकर ‘हॉस्टल डेज’ नाम से पीजी चला रहे थे। दोनों ने अगस्त 2025 में 1.05 लाख रुपए के मासिक किराए पर इस इमारत की चार मंजिलें लीज पर ली थीं।

शुभम त्यागी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई टीमें बनाई हैं और हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा और हादसे की हर कड़ी को जोड़कर चार्जशीट दाखिल की जाएगी।