SGSU Advertisement
Home Student & Youth एसबीआई भर्ती 2026: डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट सहित कई पदों पर आवेदन जारी,...

एसबीआई भर्ती 2026: डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट सहित कई पदों पर आवेदन जारी, 28 से 55 वर्ष की आयु वालों के पास मौका

0
4

मुंबई, 18 सितंबर (आईएएनएस)। बैंकिंग सेक्टर में नौकरी तलाश रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के केंद्रीय भर्ती और पदोन्नति विभाग, कॉर्पोरेट केंद्र, मुंबई ने संविदा के आधार पर स्पेशलिस्ट कैडर अधिकारियों की विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए अलग-अलग आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

एसबीआई की ओर से जारी रिक्तियों में डीन, स्टेट बैंक इंस्टीट्यूट ऑफ लीडरशिप (एसबीआईएल), कोलकाता का 1; फैकल्टी, स्टेट बैंक इंस्टीट्यूट ऑफ लीडरशिप (एसबीआईएल), कोलकाता का 1 पद शामिल है; मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव, स्टेट बैंक इंस्टीट्यूट ऑफ लीडरशिप (एसबीआईएल), कोलकाता का 1 पद शामिल है। इसके अलावा, डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट (आईटी रिस्क) के 2 और असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट (आईटी रिस्क) के 2 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से न्यूनतम 50/55 प्रतिशत अंकों के साथ डीन पद के लिए किसी भी विषय में एमबीए/एग्जीक्यूटिव एमबीए/पीजीडीएम/पीजीडीबीए या इसके बराबर की डिग्री या पीएचडी/एमफिल; फैकल्टी के लिए किसी भी विषय में पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री; मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के लिए मार्केटिंग में एमबीए या उसके बराबर की डिग्री; डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट और असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट पदों के लिए बीई/बीटेक (कंप्यूटर साइंस/इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशंस/इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी/साइबर सिक्योरिटी) या एमसीए/एमएससी (कंप्यूटर साइंस)/एमएससी (आईटी) या कंप्यूटर साइंस/साइबर सिक्योरिटी/इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी में एमटेक होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पद के अनुसार निर्धारित 5 से 15 वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल होना भी अनिवार्य है।

आवेदकों की न्यूनतम आयु पद के अनुसार 28 से 40 वर्ष के बीच और अधिकतम आयु 40 से 55 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 31 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सीटीसी पोस्ट के अनुसार 50 से 98 लाख रुपए के बीच प्रति वर्ष होगी। इसके अलावा, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी के लिए 750 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि एसबीआई की ओर से इन पदों पर नियुक्ति कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर शुरू में 3 वर्ष के लिए होगी, जिसे आगे 2 और वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है।