शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप, वॉर्नर की सिडनी थंडर कप्तानी पर संकट: रिपोर्ट

0
9

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। सिडनी में शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप के बाद अनुभवी ओपनर डेविड वॉर्नर का सिडनी थंडर के कप्तान के तौर पर भविष्य सवालों के घेरे में आ गया है।

ऑस्ट्रेलिया के सबसे कामयाब बल्लेबाजों में से एक वॉर्नर को ईस्टर संडे के दिन शहर के पूर्वी उपनगरों में रोका गया था। आरोप है कि उस समय उनके खून में अल्कोहल का स्तर 0.104 पाया गया, जो कानूनी सीमा से दोगुने से भी ज्यादा है। वॉर्नर को आगे की जांच के लिए मारूब्रा पुलिस स्टेशन ले जाया गया, उन्हें 7 मई को डाउनिंग सेंटर लोकल कोर्ट में पेश होना है।

वॉर्नर सिडनी थंडर टीम में एक अहम लीडरशिप की भूमिका में हैं। यह संस्था लंबे समय से सड़क सुरक्षा से जुड़ी पहलों में सक्रिय रही है। ऐसे में इस घटनाक्रम ने क्रिकेट एनएसडब्ल्यू को एक मुश्किल स्थिति में डाल दिया है।

क्रिकेट एनएसडब्ल्यू के मुख्य कार्यकारी ली जर्मन ने मामले की गंभीरता को स्वीकार किया है। हालांकि, कानूनी कार्रवाई जारी होने के कारण उन्होंने इस पर विस्तार से टिप्पणी करने से परहेज किया। 39 वर्षीय बल्लेबाज ने साल 2024 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।

‘द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन’ अखबार के अनुसार, ली जर्मन ने कहा, “मैं इस घटना के बारे में ज्यादा कुछ नहीं कह सकता, क्योंकि यह मामला कानूनी दायरे में आता है। बेशक, ये आरोप चिंताजनक हैं और हम इन्हें बहुत गंभीरता से ले रहे हैं। क्रिकेट एनएसडब्ल्यू में, हम सुरक्षित ड्राइविंग के प्रबल समर्थक हैं, न कि शराब पीकर गाड़ी चलाने के। हम इस मामले में अपने खिलाड़ियों को काफी जागरूक करते हैं। हम इस पूरी प्रक्रिया में डेविड का साथ देंगे, यह जानते हुए कि उन पर एक कोर्ट केस चल रहा है, लेकिन साथ ही हम इस बेहद अहम मुद्दे पर अपने खिलाड़ियों को और भी ज्यादा जागरूक करने की कोशिश करेंगे।”

क्रिकेट एनएसडब्ल्यू और थंडर टीम सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं। इसमें ब्रिस्बेन हीट के खिलाफ उनका सालाना मैच भी शामिल है, जिसे ‘रोड सेफ्टी कप’ के नाम से जाना जाता है। यह सरकारी संस्थाओं के साथ मिलकर चलाया जाने वाला एक अहम अभियान है।

जैसे-जैसे कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, वॉर्नर का नेतृत्व वाला पद अभी भी अनिश्चित बना हुआ है। उम्मीद है कि क्रिकेट एनएसडब्ल्यू आने वाले हफ्तों में इस मामले का सावधानीपूर्वक मूल्यांकन करेगा।

जर्मन ने कहा, “यह बात ध्यान में रखें कि फिलहाल ये सिर्फ आरोप हैं। सिडनी थंडर की कप्तानी के मामले पर उचित समय आने पर फैसला लिया जाएगा।” उन्होंने आगे इस बात पर जोर दिया कि क्रिकेट एनएसडब्ल्यू अपने पार्टनर्स के साथ मिलकर काम करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है, जिसमें ट्रांसपोर्ट फोर एनएसडब्ल्यू भी शामिल है, ताकि वे इस स्थिति से सही तरीके से निपट सकें।

उन्होंने कहा, “हम बहुत करीब से मिलकर काम कर रहे हैं। ट्रांसपोर्ट फोर एनएसडब्ल्यू लंबे समय से हमारा स्पॉन्सर रहा है। वह हमारा एक बहुत ही महत्वपूर्ण पार्टनर है, इसलिए हम इस बारे में उनसे बातचीत कर रहे हैं। हमें पता है कि वे इस खास मुद्दे और मामले में नेतृत्व करने के लिए हमारी तरफ ही देखेंगे। हम ऐसा करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण पार्टनरशिप है और हम इसे आगे भी जारी रखना चाहते हैं।”