Saturday, July 25, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा सत्य और संघर्ष की जीत: कांग्रेस

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा सत्य और संघर्ष की जीत: कांग्रेस

0
5

भोपाल, 25 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा को कांग्रेस ने सत्य और संघर्ष की जीत कर दिया है । कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा है कि केंद्रीय मंत्री का इस्तीफा देश के करोड़ों युवाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों तथा उनके परिवारों के संघर्ष की ऐतिहासिक जीत है।

अरुण यादव ने कहा कि यह केवल एक परीक्षा से जुड़ा मामला नहीं था, बल्कि देश के उन लाखों-करोड़ों युवाओं के भविष्य, विश्वास और मेहनत का प्रश्न था, जिन्होंने वर्षों तक कठिन परिश्रम कर अपने सपनों को साकार करने का संकल्प लिया था। जब परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लगा, तब देशभर के विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक तरीके से न्याय की मांग की और अंततः उनके संघर्ष ने केंद्र सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर कर दिया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस पूरे आंदोलन के दौरान युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार विद्यार्थियों के साथ खड़े रहे और सड़क से लेकर संसद तक इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि शुरुआत में सरकार ने छात्रों की पीड़ा को गंभीरता से नहीं लिया। लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की चिंताओं की लगातार अनदेखी की गई। लेकिन देश के कोने-कोने से उठी आवाज, विद्यार्थियों का लोकतांत्रिक संघर्ष और विपक्ष के लगातार दबाव ने अंततः सरकार को झुकने के लिए विवश कर दिया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री और एनटीए प्रमुख का इस्तीफा केवल प्रशासनिक कार्रवाई नहीं, बल्कि सरकार की जवाबदेही स्वीकार करने और उसके अहंकार के पतन का प्रतीक है। यह स्पष्ट संदेश है कि लोकतंत्र में जनता और युवाओं की आवाज को लंबे समय तक दबाया नहीं जा सकता। जब युवा संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करते हैं, तो सत्ता को भी झुकना पड़ता है।

विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार कहा है कि देशभर के छात्र-युवाओं के अथक संघर्ष, एकजुटता और लोकतांत्रिक दबाव के आगे अहंकारी और दमनकारी भाजपा सरकार को आखिरकार झुकना पड़ा। मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इस बात का प्रमाण है कि जब युवा जागरूक होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते हैं और सत्ता से जवाब मांगते हैं, तो सरकार को सुनना ही पड़ता है।

उन्होंने आगे कहा कि मध्य प्रदेश में भी शिक्षा, भर्ती, पेपर लीक और युवाओं के भविष्य से जुड़े अनेक गंभीर मुद्दे आज भी समाधान की प्रतीक्षा में हैं। पूरा विश्वास है कि प्रदेश का युवा भी अन्याय, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ मजबूती से अपनी आवाज़ बुलंद करेगा।