Saturday, June 13, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन शिल्पा शेट्टी ने देखी ‘धुरंधर 2’: रणवीर सिंह को कहा ‘बब्बर शेर’,...

शिल्पा शेट्टी ने देखी ‘धुरंधर 2’: रणवीर सिंह को कहा ‘बब्बर शेर’, फिल्म को बताया ‘पैसा वसूल’

0
35

नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर जमकर धमाल मचा रही है। आमजन के साथ ही फिल्म जगत के सितारे भी फिल्म की जमकर तारीफ कर रहे हैं। इस लिस्ट में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी का भी नाम शामिल हो चुका है। ‘धुरंधर 2’ देखने के बाद शिल्पा ने सोशल मीडिया पर खास पोस्ट कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

उन्होंने फिल्म की तारीफ की और सभी को इसे देखने की सलाह दी है। शिल्पा ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि फिल्म में हर एक्टर ने अपना दिल और जान लगा दी है और हर फ्रेम में यह साफ दिखता है। शिल्पा ने रणवीर सिंह को ‘पावरहाउस’ और ‘बब्बर शेर’ बताया। उन्होंने कहा कि रणवीर ने हमजा के किरदार में अपनी पूरी आत्मा डाल दी है। संगीतकार एआर रहमान की तारीफ करते हुए शिल्पा ने उन्हें ‘क्लास एक्ट’ कहा और उनकी समझदारी को सीखने लायक बताया।

शिल्पा ने अर्जुन रामपाल को ‘खतरनाक’ और ‘मैग्नेटिक’ करार देते हुए कहा कि यह उनके अब तक के सबसे अच्छे प्रदर्शनों में से एक है। संजय दत्त को हर फ्रेम में रॉकस्टार जैसा बताया और कहा कि वे पूरी तरह छाए हुए हैं। शिल्पा ने राकेश बेदी की तारीफ में लिखा कि उनकी मौजूदगी असली कला का सबूत है और उनकी यात्रा क्रिएटिव जस्टिस जैसी लगती है। उन्होंने पूरी कास्ट की प्रशंसा की और कहा कि हर किरदार इतनी खूबसूरती से उकेरा गया है कि हर कोई इसे अपना बना लेता है।

शिल्पा ने निर्देशक आदित्य धर को ‘इस समय का हीरो’ कहा। उन्होंने उनकी कहानी कहने की ईमानदारी, स्केल और शैली की तारीफ की, साथ ही फिल्म को धुरंधर और ‘कल्ट’ बनने लायक बताया। फिल्म में देशभक्ति का तड़का है जो भावुक भी करता है और मनोरंजन भी देता है।

शिल्पा ने लिखा कि मल्टीप्लेक्स के दौर में यह फिल्म सिंगल-स्क्रीन वाली एनर्जी लाती है, सीटियां, तालियां, और रोंगटे खड़े करने वाली फीलिंग आ जाती है। शिल्पा ने कहा कि यह फिल्म पूरी तरह ‘पैसा वसूल’ है। उन्होंने दर्शकों से इसे जरूर देखने की अपील की। पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, “वे कहते हैं—कोई हिम्मत नहीं, कोई गौरव नहीं… इसका आनंद लेने का समय है।”