Tuesday, June 16, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय शिवसेना (यूबीटी) की एकजुटता सिर्फ दिखावा, पार्टी में नहीं बचा दम :...

शिवसेना (यूबीटी) की एकजुटता सिर्फ दिखावा, पार्टी में नहीं बचा दम : संजय शिरसाट

0
6

मुंबई, 15 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री संजय शिरसाट ने शिवसेना (यूबीटी) को लेकर दावा करते हुए कहा कि अब इस पार्टी में कोई भी एक दूसरे के साथ नहीं है। ये लोग सिर्फ एक-दूसरे को दिखाने के लिए साथ आ रहे हैं ।

उन्होंने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कल शिवसेना (यूबीटी) की जो बैठक बुलाई थी, वो इसलिए बुलाई गई थी, ताकि लोगों को यह संदेश दिया जा सके कि हम एकजुट हैं, जबकि सच्चाई यह है कि ये लोग एकजुट नहीं हैं। अब शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख इन्हें आपस में जोड़ने के कितने भी प्रयास भले ही करें, लेकिन इन्हें एकजुट नहीं कर पाएंगे। इन लोगों के लिए महाराष्ट्र की राजनीति किसी भी स्थिति में अनुकूल नहीं हो पाएगी ।

संजय शिरसाट के मुताबिक, अगर आप इनकी भाषा देखेंगे तो इससे यह साफ जाहिर होता है कि ये लोग कैसे आग्रहपूर्वक यह कह रहे थे कि आओ साथ में रहते हैं, एक दूसरे का मनोबल बढ़ाते हैं। इनकी आवाज में दम नजर नहीं आ रहा था। एक तरह का आग्रह नजर आ रहा था। इससे यह साफ जाहिर होता है कि अब पार्टी में कोई दम नहीं बचा है।

इसके अलावा, उन्होंने ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ‘ऑपरेशन टाइगर’ कौन चला रहा है। संजय शिरसाट ने कहा कि कोई नहीं चला रहा है। सच्चाई यह है कि आप लोग जिस डाली में बैठे हुए हैं, उसे काटने पर आमादा हो चुके हैं, इसलिए आप लोगों को ऑपरेशन टाइगर करने की कोई जरूरत नहीं है और न ही कोई कर रहा है।

मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) के लोगों को पता है कि ये सांसद अब इनके नहीं हैं, इसलिए ये लोग इस तरह के बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है।

साथ ही, उन्होंने संजय राउत पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि संजय राउत जैसा बददिमाग इंसान मैंने कभी नहीं देखा है, जिनका खुद का घर उजड़ रहा है, लेकिन दूसरे घरों के लोगों को कह रहे हैं कि आप लोग एकजुट हो जाओ। अरे जाकर आप अपना घर संभालिए, आपको दिक्कत क्या है। संजय शिरसाट ने सवाल किया, आखिर संजय राउत ऐसा क्यों कर रहे हैं? संजय राउत को बेतुका बयान देने की आदत हो चुकी है। ऐसा करके वो खुद के स्तर को ऊंचा दिखाने की कोशिश करते हैं।