Thursday, August 6, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में सर्वाधिक रन बनाने और विकेट लेने वाले...

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में सर्वाधिक रन बनाने और विकेट लेने वाले भारत के ‘टॉप-3’ बल्लेबाज और गेंदबाज

0
4

नई दिल्ली, 6 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जानी है। श्रीलंका सीरीज का मेजबान है। पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल और दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से श्रीलंका में खेला जाना है। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम श्रीलंका पहुंच चुकी है और अपना अभ्यास शुरू कर दिया है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2027 के फाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को जिंदा रखने के लिए भारतीय टीम को इस सीरीज को जीतना होगा।

श्रीलंका और भारत के बीच किसी भी फॉर्मेट में जोरदार टक्कर देखने को मिलती है। आगामी सीरीज भी किसी टीम के लिए आसान नहीं होने वाली है। आइए जानते हैं कि भारत की तरफ से श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैचों में किन तीन बल्लेबाजों ने सर्वाधिक रन बनाए हैं और किन तीन गेंदबाजों ने सर्वाधिक विकेट लिए हैं।

सचिन तेंदुलकर ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। सचिन ने 1990 से 2010 के बीच खेले 25 टेस्ट मैचों की 36 पारियों में 60.45 की औसत से 1995 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 9 शतक और 6 अर्धशतक आए। सर्वाधिक स्कोर 203 रन है।

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में भारत के दूसरे सफल बल्लेबाज पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ हैं। 1997 से 2010 के बीच खेले 20 टेस्ट मैचों की 32 पारियों में द्रविड़ ने 48.64 की औसत से 1508 रन बनाए। उन्होंने 3 शतक और 9 अर्धशतक लगाए। द्रविड़ का सर्वाधिक स्कोर 177 है।

वीरेंद्र सहवाग श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैचों में भारत के तीसरे सफल बल्लेबाज हैं। 2005 से 2010 के बीच 11 टेस्ट मैचों की 18 पारियों में 72.88 की औसत से 5 शतक और 3 अर्धशतक लगाते हुए 1,239 रन बनाए थे। सहवाग का सर्वाधिक स्कोर 293 रन है।

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले के नाम है। 1993 से 2008 के बीच कुंबले ने 18 मैचों की 28 पारियों में 74 विकेट लिए। 59 रन देकर 7 विकेट उनका श्रेष्ठ प्रदर्शन है। कुंबले ने श्रीलंका के खिलाफ एक पारी में 5 विकेट की उपलब्धि 4 बार और एक टेस्ट में 10 या उससे अधिक विकेट लेने की उपलब्धि 2 बार हासिल की है।

आर अश्विन श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में भारत की तरफ से दूसरे सफल गेंदबाज हैं। दाएं हाथ के इस ऑफ स्पिनर ने 2015 से 2022 के बीच 11 टेस्ट मैचों की 21 पारियों में 62 विकेट लिए। एक पारी में 5 विकेट 3 बार और एक मैच में 10 या उससे अधिक विकेट की उपलब्धि अश्विन ने 1 बार हासिल की है।

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में भारत के तीसरे सफल गेंदबाज दाएं हाथ के इस ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह हैं। हरभजन ने 1999 से 2015 के बीच खेले 16 मैचों की 26 पारियों में 53 विकेट लिए थे। इस दौरान एक पारी में 5 विकेट 2 बार और एक मैच में 10 या उससे अधिक विकेट की उपलब्धि 2 बार हासिल की है।