गंगटोक, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार से सिक्किम के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। भारतीय जनता पार्टी के सांसद राजू बिस्टा ने पीएम के इस दौरे को ऐतिहासिक बताया है। प्रधानमंत्री मोदी सिक्किम को राज्य का दर्जा मिलने के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
भाजपा सांसद राजू बिस्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सिक्किम का आगामी दौरा ऐतिहासिक है। उन्होंने राज्य के दर्जा मिलने के 50 साल पूरे होने के जश्न का जिक्र किया और दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा को जबरदस्त समर्थन मिल रहा है, जहां पार्टी को 170-180 सीटें मिलने की उम्मीद है।
राजू बिस्टा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सिक्किम दौरा राज्य के लिए एक ऐतिहासिक क्षण साबित होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि 27 और 28 अप्रैल को प्रस्तावित यह दो दिवसीय दौरा सिक्किम को राज्य का दर्जा मिलने के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों से जुड़ा है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर राज्य की पिछले पांच दशकों की उपलब्धियों का जश्न मनाया जाएगा, जिसमें यह दिखाया जाएगा कि किस तरह सिक्किम ने देश और दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक समारोह में प्रधानमंत्री की उपस्थिति राज्यवासियों के लिए गर्व का विषय है और भाजपा कार्यकर्ता भी इसकी तैयारी में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
राजू बिस्टा ने कहा कि सिक्किम की जनता और राज्य सरकार ने पिछले 50 वर्षों में विकास और प्रगति की नई मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल राज्य के गौरवशाली इतिहास को दर्शाएगा, बल्कि आने वाले समय के लिए नई दिशा भी तय करेगा। उन्होंने इस मौके को हर नागरिक के लिए सम्मान और गर्व का क्षण बताया।
वहीं, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि राज्य में भाजपा के पक्ष में जबरदस्त माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक वामपंथी शासन और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकाल में जो अराजकता, अन्याय और अत्याचार देखने को मिला, उससे अब जनता मुक्ति चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन वर्षों में राज्य में विकास की गति प्रभावित हुई और युवाओं का पलायन बढ़ा, जबकि सीमावर्ती क्षेत्रों में जनसांख्यिकीय बदलाव भी एक गंभीर मुद्दा बन गया।
उन्होंने कहा कि इस बार के चुनाव में जनता बदलाव के लिए तैयार है और पहले चरण में हुई करीब 92 प्रतिशत रिकॉर्ड मतदान इसका स्पष्ट संकेत है। उन्होंने दावा किया कि दूसरे चरण में इससे भी अधिक मतदान होगा और भाजपा नीत एनडीए को 170 से 180 सीटें मिलने की उम्मीद है। उन्होंने आगे कहा कि 5 मई को पश्चिम बंगाल में एक ‘सनातनी हिंदू मुख्यमंत्री’ शपथ लेगा, जो राज्य के हितों को प्राथमिकता देते हुए विकास की दिशा में काम करेगा।

