नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद तरुण चुघ ने राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों के लगातार विरोध-प्रदर्शन, गुजरात निकाय चुनावों में भाजपा की जीत और पंजाब में दोहरे हत्याकांड पर प्रतिक्रियाएं दी। सांसद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी घुसपैठियों को बचाने की लगातार कोशिश कर रहे हैं।
भाजपा के राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने कहा, “लगातार एसआईआर के बहाने राहुल गांधी घुसपैठियों को बचाने की कवायद कर रहे हैं, मृत वोटरों को वापस वोटर लिस्ट में जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, क्या लगते हैं ये घुसपैठिए और मृत वोटर आपके? किनके इशारों पर लगातार भारत के लोकतंत्र के चारों स्तंभ, न्यायपालिका, चुनाव आयोग, पार्लियामेंट, मीडिया पर लगातार प्रहार किए जा रहे हैं? देश के इंस्टीट्यूशन को बदनाम करने का ठेका राहुल गांधी ने ले रखा है। राहुल गांधी, ये चंद लोगों के साथ मीडिया इवेंट और ये नारेबाजी से देश को बदनाम करने का आपका ये प्रयास, देश की 140 करोड़ की जनता देख भी रही है और लगातार आपको वोट की चोट से सजा भी दे रही है।”
तरुण चुघ ने गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा की जीत पर कहा, “गुजरात की जनता ने एक बार फिर बता दिया कि उसका अटूट विश्वास प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और भाजपा की विकास नीतियों में है। गुजरात के तीनों निकाय चुनावों में 104 में से 90 सीटें जीतकर भाजपा ने एक बार फिर जनता का आशीर्वाद प्राप्त किया है। गांधीनगर निगम में 44 में से 38 सीटें भाजपा ने जीतीं, जबकि आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। आप और कांग्रेस के पिछड़ने से यह स्पष्ट हो गया है कि देश की जनता नकारात्मक राजनीति करने वालों को सजा दे रही है और देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी के विकास और विश्वास के एजेंडे को आगे बढ़ा रही है।”
भाजपा के राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने कहा, “पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक है। मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की दिन-दहाड़े नशे की गोलियां पकड़ाते हुए हत्या कर दी गई है और उसी तरह अमृतसर में 20 वर्षीय युवती तरुणप्रीत सिंह की हत्या कर दी गई है। कभी एएसआई को मारा जा रहा है, कहीं ग्रेनेड फेंके जा रहे हैं, पुलिस के अधिकारियों की हत्या की जा रही है। पंजाब में भगवंत मान और केजरीवाल की सरकार के संरक्षण में माफिया और रंगदारी इकट्ठा करने वाले दनदना रहे हैं। पंजाब को डराया जा रहा है, आज पंजाब भय के माहौल में है।”
