नई दिल्ली, 7 मार्च (आईएएनएस)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मैच रविवार को खेला जाना है। दोनों देशों के बीच अब तक कुल 30 टी20 मैच खेले गए हैं, जिसमें सिर्फ 4 ही बल्लेबाज शतक लगा सके हैं। आइए, इनके बारे में जानते हैं।
कॉलिन मुनरो (109*): भारत-न्यूजीलैंड के बीच टी20 इतिहास में सबसे पहला शतक कॉलिन मुनरो ने लगाया, जिन्होंने 4 नवंबर 2017 को राजकोट में यह पारी खेली थी। इस मैच में मुनरो ने 58 गेंदों का सामना करते हुए 7 छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से नाबाद 109 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारतीय टीम 7 विकेट खोकर 156 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड ने 40 रन से मुकाबला अपने नाम किया।
सूर्यकुमार यादव (111*): सूर्या ने 20 नवंबर 2022 को माउंट माउंगानुई में खेले गए मुकाबले में 51 गेंदों का सामना करते हुए 7 छक्कों और 11 चौकों के साथ नाबाद 111 रन बनाए थे। उनकी इस पारी के दम पर भारत ने 191/6 का स्कोर बनाया और न्यूजीलैंड को 18.5 ओवरों में महज 126 रन पर समेटकर मैच 65 रन से जीता।
शुभमन गिल (126*): यह मैच अहमदाबाद में 1 फरवरी 2023 को खेला गया था, जिसमें भारत ने 168 रन से शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में गिल ने 63 गेंदों में 7 छक्कों और 12 चौकों के साथ नाबाद 126 रन बनाए। उनकी इस पारी ने भारत को 234/4 के स्कोर तक पहुंचाया। इसके जवाब में कीवी टीम 12.1 ओवरों में महज 66 रन पर सिमट गई।
ईशान किशन (103): भारत ने 31 जनवरी 2026 को तिरुवनंतपुरम में खेले गए इस मुकाबले में ईशान किशन की शतकीय पारी के दम पर न्यूजीलैंड के विरुद्ध 46 रन से जीत दर्ज की थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 5 विकेट खोकर 271 रन बनाए। इस पारी में ईशान किशन ने 43 गेंदों में 10 छक्कों और 6 चौकों के साथ 103 रन बनाए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 63 रन बनाए। इसके जवाब में फिन एलन (80) की शानदार पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने भारत को मजबूत टक्कर दी, लेकिन टीम 19.4 ओवरों में 225 रन पर सिमट गई।

