Monday, August 24, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth एसजेवीएन भर्ती अलर्ट: चीफ जनरल मैनेजर सहित 21 पदों के लिए जल्द...

एसजेवीएन भर्ती अलर्ट: चीफ जनरल मैनेजर सहित 21 पदों के लिए जल्द करें आवेदन, अंतिम तिथि करीब

0
4

चंडीगढ़, 24 अगस्त (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के हाथ से एक सुनहरा मौका निकलने वाला है। दरअसल, सतलुज जल विद्युत निगम (एसजेवीएन) ने थर्मल पावर प्लांट के इरेक्शन, कमीशनिंग और संचालन और रखरखाव (ओ एंड एम) का अनुभव रखने वाले प्रोफेशनल्स के लिए विभिन्न 21 पदों पर भर्ती की घोषणा अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके की है।

एसजेवीएन की ओर से जारी 21 रिक्तियों में चीफ जनरल मैनेजर/ई8 (ए)-इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल का 1, डिप्टी मैनेजर/ई4-(मैकेनिकल) के 3, इंजीनियर/ई2-(मैकेनिकल) के 6, डिप्टी मैनेजर/ई4-(इलेक्ट्रिकल) के 3, इंजीनियर/ई2-(इलेक्ट्रिकल) के 3, डिप्टी मैनेजर/ई4-(सी एंड आई – वाणिज्यिक और औद्योगिक) के 1, इंजीनियर/ई2-(सी एंड आई – वाणिज्यिक और औद्योगिक) के 2, डिप्टी मैनेजर/ई4-(केमिकल) के 1 और इंजीनियर ई2-(केमिकल) के 1 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 5 अगस्त के सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 26 अगस्त तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों ने इन रिक्तियों के लिए अभी तक एप्लीकेशन फॉर्म नहीं भरा है, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे एसजेवीएन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर लें।

सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन करने के बाद कैंडिडेट्स को अपने आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ एसजेवीएन कार्यालय ‘डीजीएम (एचआर/भर्ती) का कार्यालय, एसजेवीएन लिमिटेड, शक्ति सदन, कॉर्पोरेट मुख्यालय, शानन शिमला, एचपी-171006’ पते पर 15 सितंबर तक या उससे पहले डाक के माध्यम से पहुंचाना होगा।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पोस्ट और विषय के अनुसार ग्रेजुएशन/मास्टर डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पोस्ट के अनुसार निर्धारित 3 से 27 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पद के अनुसार 32 से 55 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, दस्तावेज सत्यापन, शॉर्टलिस्टिंग, व्यक्तिगत साक्षात्कार और मेडिकल फिटनेस के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 50,000 से 2,80,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी के लिए 500 रुपए के साथ 18 प्रतिशत जीएसटी तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/ईएसएम/ईडब्ल्यूएस श्रेणी से आने वाले उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।