Wednesday, June 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति ममता बनर्जी का कुशासन बनेगा बंगाल में भाजपा सरकार बनने की वजह:...

ममता बनर्जी का कुशासन बनेगा बंगाल में भाजपा सरकार बनने की वजह: स्मृति ईरानी

0
16

कोलकाता, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर टीएमसी और भाजपा के बीच हाई वोल्टेज मुकाबला होने की उम्मीद जताई जा रही है। पहले चरण की 152 विधानसभा सीटों पर वोटिंग के बाद भाजपा खेमा उत्साह से भरा हुआ है। पार्टी नेताओं को पूरा विश्वास है कि इस बार भाजपा बंगाल में सरकार बनाने जा रही है।

भाजपा के इस आत्मविश्वास को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान ने और मजबूती दे दी है। राहुल ने चुनाव के बीच दावा किया कि ममता बनर्जी का भ्रष्टाचार बंगाल में भाजपा के लिए दरवाजा खोल चुका है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल के इस बयान पर तंज कसते हुए कहा कि अब तो वे खुद भी मान चुके हैं कि बंगाल में भाजपा की सरकार बन रही है।

कोलकाता में आईएएनएस से बातचीत में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि यह कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों का एक बहुत पुराना तंत्र है। प्रदेश में कटी और केंद्र में बंटी। मैं तो बस इतना ही कहूंगी कि राहुल गांधी ने खुद यह मान लिया है कि इस चुनाव में पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन रही है और भाजपा सरकार बनने की वजह सिर्फ एक है-ममता बनर्जी का कुशासन।

बंगाल ने टीएमसी के 15 साल के ‘गुंडा राज’ को झेला है, जिसने राज्य को डर, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पतन की ओर धकेल दिया। बंगाल की जनता अब बदलाव चाहती है और भाजपा की सरकार में परिवर्तन लाना चाहती है। जहां सुशासन की सरकार में सभी वर्गों के उत्थान के लिए तेजी से विकास कार्य किया जाए।

पीएम मोदी के ‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड को लेकर स्मृति ईरानी ने कहा कि गणित के क्षेत्र में, हमारी उभरती बेटियों की प्रतिभा को आज के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उजागर किया है। उन्होंने नागरिकों को सिविल परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों के बारे में भी जानकारी दी। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर प्रधानमंत्री ने न केवल देश के नागरिकों को, बल्कि पूरे राष्ट्र को एक संदेश दिया, बल्कि प्रकृति के संरक्षण के संदर्भ में भी अपील की।