SGSU Advertisement
Home राजनीति सोनिया गांधी की आत्मकथा से आपत्ति है तो भाजपा को अपनी किताब...

सोनिया गांधी की आत्मकथा से आपत्ति है तो भाजपा को अपनी किताब लिखे : एनसीपी (एसपी)

0
1

मुंबई, 12 नवंबर (आईएएनएस)। एनसीपी (एसपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनीश गवांडे ने सोनिया गांधी की किताब को लेकर भारतीय जनता पार्टी के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि किसी किताब का जवाब दूसरी किताब ही हो सकती है। सुनेत्रा पवार के बयान और एनसीपी के विलय की अटकलों पर एनसीपी (एसपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनीश गवांडे ने साफ किया कि अजित पवार के गुजरने के बाद से विलय को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है और न ही फिलहाल ऐसी कोई चर्चा होने वाली है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को साथ आना है तो शरद पवार पहले ही कह चुके हैं कि उनका स्वागत है।

सोनिया गांधी की किताब को लेकर एनसीपी (एसपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनीश गवांडे ने कहा, “जब आप राजनीति में रहते हैं तो आप लोगों से मिलते-जुलते रहते हैं, उनकी समस्याओं को समझते हैं। मैंने उस किताब का जो हिस्सा पढ़ा है, उसे अभी आधा ही पढ़ा है। उसमें मैंने पढ़ा कि गोधराकांड के बाद जब एक पिता ने सोनिया गांधी के सामने अपनी समस्या रखी, तो उनकी आंखों में भी आंसू आ गए थे।”

उन्होंने कहा कि राजनीति में ऐसी परिस्थितियां आती हैं कि जब लोगों का दुख-दर्द आपके सामने आता है, तब भावुक हो जाना सामान्य बात है। हम इस बात पर असहमति जता सकते हैं कि इंदिरा गांधी ने ऑपरेशन ब्लू स्टार सही किया या नहीं, या बाबरी विध्वंस के बाद जो विचारधाराएं सामने आईं, वे सही थीं या गलत, लेकिन यह सोनिया गांधी की अपनी कहानी है और उन्हें अपनी कहानी लोगों के सामने रखने का अधिकार है।

सोनिया गांधी की किताब पर भाजपा के आरोपों को लेकर उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि किसी किताब का जवाब दूसरी किताब ही हो सकती है। अगर भारतीय जनता पार्टी को लगता है कि इस किताब में जो लिखा गया है वह गलत है, तो वे भी एक किताब लिखें। उन्हें कौन रोक रहा है? पहले तो आपने इस किताब को प्रकाशित होने से रोकने की कोशिश की और अब ऐसे आरोप लगा रहे हैं। अगर आपको आपत्ति है तो अपनी बात दूसरी किताब के माध्यम से रखिए।

करीना कपूर के पेंडेंट वाले विवाद पर अनीश गवांडे ने कहा कि क्या बकवास विवाद है। ऐसा भी हिंदुस्तान हुआ करता था, जब अकबर के दरबार में जश्न-ए-चिरागां मनाया जाता था। ऐसा भी हिंदुस्तान है, जहां हजरत निजामुद्दीन और मुंबई के हाजी अली में दिवाली के दिन दीये जलाए जाते हैं। हमारा देश हमेशा एक धर्मनिरपेक्ष देश रहा है। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी भाईचारे के साथ रहते हैं। हम हमेशा यही सुनते आए हैं और यही सुनना भी चाहिए।

उन्होंने कहा कि ऐसे विवादों में न मुझे कोई दिलचस्पी है और न ही मुझे लगता है कि इनसे किसी का भला होता है। जो लोग ऐसे विवाद खड़े कर रहे हैं, उन्हें समझना चाहिए कि इससे फायदा किसे होता है और क्यों।

गिरगांव चौपाटी में बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद छठ पूजा पर प्रतिबंध लगा दिया गया। दूसरी तरफ एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें रेलवे स्टेशनों पर जो छठ के गीत गाए जा रहे हैं, उसका विरोध भी किया जा रहा है। इसे लेकर अनीश गवांडे ने कहा कि छठ पूजा मुंबई में मनाए जाने वाले कई महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक है और उसका सम्मान होना चाहिए। छठ पूजा के आयोजन को भाषाई या क्षेत्रीय आधार पर विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।

एनसीपी-एसपी प्रवक्ता अनीश गवांडे ने सुनेत्रा पवार के बयान पर कहा कि मेरी आशा, अपेक्षा और आकांक्षा है कि जब प्रफुल्ल पटेल आज मुख्यमंत्री से मिले होंगे तो उन्होंने वित्त मंत्रालय का जिक्र किया होगा और कहा होगा कि सुनेत्रा पवार को वित्त मंत्रालय दिया जाए। जहां तक विलय की बात है, हम पहले भी बताते रहे हैं कि न तो विलय पर कोई चर्चा हुई है और न ही फिलहाल ऐसी कोई चर्चा होने वाली है। यदि किसी को हमारे साथ आना है तो शरद पवार पहले ही स्पष्ट कह चुके हैं कि उनका स्वागत है। अजित पवार के गुजरने के बाद से विलय को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।

शिवसेना नेता आनंद दुबे ने कहा कि सुनेत्रा पवार ने सीधे शब्दों में कहा है कि जब समय आएगा तो पता चल जाएगा। पर्दे के पीछे की बात थोड़ी बता दी जाएगी। शरद पवार अस्वस्थ हैं। रूटीन चेकअप के लिए उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल ले जाया गया। वो ठीक हो जाएं। अंततः दोनों परिवार बैठकर बात कर लेंगे।

सुनेत्रा पवार की पार्टी पहले से ही एनडीए का हिस्सा है, सरकार में उपमुख्यमंत्री का पद है। बहुत सारे मंत्री हैं, दोनों पार्टियां क्या करती है, हम तो थर्ड अंपायर की तरह देख ही सकते हैं। जो होगा वो पता चलेगा।