Thursday, August 6, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth साउथ सेंट्रल रेलवे में 2801 अप्रेंटिस पदों पर बंपर भर्ती, 11 अप्रैल...

साउथ सेंट्रल रेलवे में 2801 अप्रेंटिस पदों पर बंपर भर्ती, 11 अप्रैल तक करें आवेदन

0
30

नई दिल्ली, 14 मार्च (आईएएनएस)। रेलवे में नौकरी पाकर अपना करियर शुरू करने के इच्छुक युवाओं के लिए एक शानदार अवसर सामने आया है। साउथ सेंट्रल रेलवे (एससीआर) के रेलवे भर्ती सेल, सिकंदराबाद ने अप्रेंटिस के विभिन्न 2801 पदों पर भर्ती के लिए बंपर वैकेंसी निकाली है।

एससीआर की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया 12 मार्च से शुरू हो गई है और आवेदन की अंतिम तिथि 11 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

एससीआर ने जिन पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें एसी मैकेनिक के 251, बढ़ई के 22, सीओपीए के 181, डीजल मैकेनिक के 105, इलेक्ट्रीशियन के 1258, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक के 88, फिटर के 539, औद्योगिक इलेक्ट्रॉनिक्स के 33, मशीनिस्ट के 54, एमएमटीएम के 24, मोटर मैकेनिक के 12, पेंटर के 32 और वेल्डर के 202 पद शामिल हैं।

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या बोर्ड से न्यूनतम 50% कुल अंकों के साथ 10वीं, 12वीं का सर्टिफिकेट और कैंडिडेट एनसीवीटी/एससीवीटी द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित ट्रेड में आईटीआई उत्तीर्ण होना आवश्यक है।

उभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 15 साल और अधिकतम आयु 24 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 11 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित वर्ग से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

एससीआर की ओर से योग्य अभ्यर्थियों का चयन बिना लिखित परीक्षा व इंटरव्यू सिर्फ मेरिट बेसिस, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल फिटनेस के आधार पर किया जाएगा।

वहीं, आवेदकों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो अनारक्षित/ओबीसी और ईडब्ल्यूएस पुरुष श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 100 रुपए है और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति, महिला/ट्रांसजेंडर और दिव्यांग उम्मीदवारों को एप्लीकेशन फीस में छूट दी गई है।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले साउथ सेंट्रल रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होम पेज पर जाने के बाद जारी पद से संबंधित आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगी गई सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज और फॉन्ट में अपलोड करें। इसके बाद आवेदन शुल्क का भुगतान करें। फिर फॉर्म चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।