नई दिल्ली, 14 सितंबर (आईएएनएस)। मर्सिडीज टीम के प्रिंसिपल टोटो वोल्फ ने बताया है कि टीम जॉर्ज रसेल की काबिलियत को पूरी तरह सामने लाने की कोशिश करेगी। हाल ही में स्पेनिश जीपी में उन्हें निराशा हाथ लगी थी, जहां यह ब्रिटिश ड्राइवर पांचवें स्थान पर रहा और उसने माना कि वह ड्राइवर्स टाइटल की रेस में नहीं है।
मैड्रिड में हुई पहली रेस में रसेल की रफ्तार अच्छी थी और वह ‘टू-पिट स्टॉप’ स्ट्रैटेजी पर चल रहे थे, लेकिन टायर बदलने के बाद उन्हें मुश्किल हुई और उन्हें पांचवें स्थान से ही संतोष करना पड़ा। वहीं, उनके टीममेट और टाइटल के लिए उनके प्रतिद्वंद्वी किमी एंटोनेली ने रेस जीती और चैंपियनशिप की लड़ाई में 81 प्वाइंट्स की बढ़त बना ली।
वोल्फ ने बताया कि रसेल सबसे तेज थे, लेकिन उन्हें उनकी काबिलियत को पूरी तरह सामने लाने के तरीके खोजने होंगे। फॉर्मूला 1 के अनुसार, वोल्फ ने कहा, “आप देख सकते हैं कि रेस के आखिर में उनकी रफ्तार कैसी थी जब वह लेक्लेर के करीब पहुंच रहे थे। आप जानते हैं कि वह ट्रैक पर सबसे तेज थे, लेकिन टायर बदलने के बाद वह रफ्तार नहीं रही और मुझे समझ नहीं आ रहा कि ऐसा क्यों हुआ। हमें इसका विश्लेषण करना होगा क्योंकि स्पष्ट है कि काबिलियत उनमें भी है और कार में भी, बस हमें उसे बाहर लाना है।”
उन्होंने रसेल की पहले एफ2 और एफ3 जीतने की उपलब्धि पर जोर देते हुए कहा, “जॉर्ज की बात करें तो अच्छे और बुरे रेस या अच्छे और बुरे साल हो सकते हैं, लेकिन हम उस ड्राइवर की बात कर रहे हैं जिसने पहले वो सब कुछ जीता है जो जीता जा सकता था। हर एक कार्टिंग चैंपियनशिप, अपने रूकी (शुरुआती) साल में फॉर्मूला 3, अपने रूकी साल में फॉर्मूला 2, फिर विलियम्स में गए। मेरा मतलब है, हम एक टॉप ड्राइवर की बात कर रहे हैं। हमें यह पता लगाने की जरूरत है कि वह अपनी उस काबिलियत को कैसे पूरी तरह दिखा सकते हैं, और जाहिर है कि इसमें मनोवैज्ञानिक पहलू भी शामिल है। अगर इस साल आपका प्रदर्शन उनके जैसा रहता है, तो आपको काफी नुकसान उठाना पड़ता है, लेकिन बेहतरीन खिलाड़ी वापसी करते हैं। मुझे लगता है कि जॉर्ज के पास चैंपियनशिप के लिए लड़ने की पूरी काबिलियत है।”
स्पेनिश जीपी के बाद चैंपियनशिप की बढ़त बढ़ने पर रसेल ने खुद को खिताबी दौड़ से बाहर मान लिया था। हालांकि, टीम प्रिंसिपल का मानना है कि उनकी वापसी अभी भी मुमकिन है। टीम प्रिंसिपल ने समझाया, “यह मशीनों का खेल है। आप रेस पूरी नहीं कर पाते (डीएनएफ) या क्रैश हो जाते हैं, और अगर ऐसा लगातार दो बार हो जाए, तो अचानक जो बढ़त सुरक्षित लग रही थी, वह खत्म हो जाती है क्योंकि अभी भी छह रेस बाकी होती हैं। इसलिए मेरी राय में, हमें तब तक पॉइंट्स पर ध्यान नहीं देना चाहिए जब तक कि गणितीय रूप से उनके जीतने की संभावना खत्म न हो जाए। तब तक बस हर वीकेंड पर ध्यान दें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करें।”
