ढाका, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। श्रीलंका के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए बांग्लादेश ने 15 सदस्यीय महिला टीम घोषित कर दी है। टॉप-ऑर्डर बैटर सरमिन सुल्ताना को बांग्लादेशी टीम में शामिल किया है, जबकि फरगाना हक को बाहर कर दिया गया है।
सरमिन ने अब तक अपना टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू नहीं किया है, उन्हें इस साल की शुरुआत में लंबे अंतराल के बाद वनडे टीम में वापस बुलाया गया था, लेकिन प्रदर्शन औसत ही रहा। सरमिन ने तीन मुकाबलों में कुल 42 रन बनाए। इसके बावजूद, चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में बनाए रखने का फैसला किया है, क्योंकि वे टी20 फॉर्मेट में होने वाले महत्वपूर्ण मुकाबलों से पहले बांग्लादेश अपने टॉप-ऑर्डर को मजबूत करना चाहता है। यह सीरीज विमेंस टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी का हिस्सा है।
टीम की घोषणा शनिवार को राजशाही में घरेलू सीरीज का वनडे चरण समाप्त होते ही कर दी गई, जिसमें श्रीलंका ने 3 मैचों की सीरीज 2-1 से जीती थी। वनडे फॉर्मेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन न कर पाने के बाद, बांग्लादेश अब फिर से एकजुट होने और अपनी कमियों को दूर करने पर ध्यान देगा, खासकर बैटिंग के मामले में।
बल्लेबाजी विभाग एक बार फिर कप्तान निगार सुल्ताना पर काफी हद तक निर्भर रह सकता है, उनके साथ शोभना मोस्तरी और शरमिन अख्तर भी होंगी। इन सभी ने वनडे सीरीज के दौरान अपनी अच्छी फॉर्म के कुछ संकेत दिए थे।
हालांकि, गेंदबाजी के मोर्चे पर, बांग्लादेशी टीम काफी संतुलित नजर आ रही है। युवा तेज गेंदबाज मरुफा अख्तर नई गेंद के साथ बॉलिंग आक्रमण की अगुवाई करेंगी, जबकि बाएं हाथ की तेज गेंदबाज फरिहा तृष्णा, खासकर सिलहट की तेज पिचों पर, एक अहम भूमिका निभा सकती हैं।
स्पिन विभाग की कमान एक बार फिर उप-कप्तान नाहिदा अख्तर के हाथों में होगी, उनके साथ राबिया खान, सुल्ताना खातून और फहिमा खातून भी होंगी।
यह टी20 सीरीज इसलिए भी ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि उम्मीद है कि यह बांग्लादेश का आखिरी टूर्नामेंट होगा, जिसके बाद वे 12 जून से इंग्लैंड में शुरू होने वाले आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए रवाना हो जाएंगी। टीम ने इससे पहले नेपाल में आयोजित क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के सभी सातों मैच जीतकर, शानदार तरीके से विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर लिया था।
श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए बांग्लादेशी टीम: निगार सुल्ताना (कप्तान), नाहिदा अख्तर (उप-कप्तान), दिलारा अख्तर, शोभना मोस्तरी, फहिमा खातून, शर्मिन अख्तर, रितु मोनी, शोर्ना अख्तर, राबिया खान, सरमिन सुल्ताना, मारुफा अख्तर, फरिहा तृष्णा, सुल्ताना खातून, संजीदा अख्तर मेघला, जुएरिया फिरदौस।

