श्रीनगर, 4 सितंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर भर के इंटर्न डॉक्टरों का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मिलकर इंटर्नशिप स्टाइपेंड में संशोधन की अपनी लंबे समय से लंबित मांग पर चर्चा करेगा।
इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ऑल इंडिया मेडिकल स्टूडेंट्स एसोसिएशन (एआईएमएसए) के नेता डॉ. तसदुक कर रहे हैं। इनके साथ संयुक्त सचिव डॉ. आकिब, डॉ. शाहनवाज़, डॉ. तनिष मनसोत्रा और डॉ. फराज भी मुख्यमंत्री से मिलेंगे। इंटर्न अपने स्टाइपेंड में तुरंत संशोधन की मांग कर रहे हैं और उनका कहना है कि जब तक स्टाइपेंड बढ़ाने को औपचारिक रूप से मंजूरी नहीं मिल जाती और लिखित सरकारी आदेश जारी नहीं हो जाता, तब तक उनका शांतिपूर्ण विरोध जारी रहेगा।
एआईएमएसए के राज्य प्रभारी डॉ. मोहम्मद मोमिन खान ने बताया कि उन्हें कल (गुरुवार) रात सरकारी अधिकारियों का फोन आया था, जिसमें बातचीत के लिए इंटर्न डॉक्टरों का प्रतिनिधिमंडल भेजने का अनुरोध किया गया था। डॉ. खान ने कहा, “कल रात मुझे सरकार की ओर से फ़ोन आया था जिसमें बातचीत के लिए इंटर्न प्रतिनिधिमंडल भेजने का अनुरोध किया गया था। हम इस पहल का स्वागत करते हैं और उम्मीद करते हैं कि सरकार स्टाइपेंड के लंबे समय से लंबित मुद्दे पर ठोस फ़ैसला लेगी।”
उन्होंने कहा कि इंटर्न सरकार के सामने अपनी चिंताएं और मांगें मजबूती से रखेंगे और जल्द से जल्द ठोस समाधान की मांग करेंगे। डॉ. खान ने दोहराया कि मांग पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा और विरोध तभी वापस लिया जाएगा जब स्टाइपेंड बढ़ाने को औपचारिक मंज़ूरी मिल जाएगी और लिखित सरकारी आदेश जारी हो जाएगा। उम्मीद है कि प्रतिनिधिमंडल पूरे जम्मू-कश्मीर के इंटर्न डॉक्टरों की चिंताओं को मजबूती से रखेगा और सरकार से तुरंत कार्रवाई की मांग करेगा।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में एमबीबीएस और बीडीएस कोर्स के मेडिकल इंटर्न ने सोमवार को मासिक वजीफे (स्टाइपेंड) में बढ़ोतरी की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की थी। इंटर्न अपने स्टाइपेंड को मौजूदा 12,300 से बढ़ाकर 30,000 रुपए करने की मांग कर रहे हैं। उनका तर्क है कि महंगाई और काम के भारी बोझ के बावजूद यह राशि लगभग छह साल से नहीं बढ़ाई गई है। विरोध कर रहे इंटर्न का कहना है कि दूसरे राज्यों की तुलना में जम्मू-कश्मीर में स्टाइपेंड सबसे कम है। यह हड़ताल पूरे केंद्र शासित प्रदेश में हो रही है, जिसमें एसकेआईएमएस बेमिना, जीएमसी जम्मू, जीएमसी अनंतनाग और जीएमसी बारामूला के इंटर्न भी शामिल हुए हैं।
