Monday, June 15, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल सब-जूनियर हॉकी नेशनल: एमपी के पास ‘डबल चांस’, मेंस फाइनल में यूपी,...

सब-जूनियर हॉकी नेशनल: एमपी के पास ‘डबल चांस’, मेंस फाइनल में यूपी, विमेंस फाइनल में झारखंड से भिड़ंत

0
24

राजगीर, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। 16वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप 2026 अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। डिवीजन ए के फाइनल मुकाबलों के लिए मंच तैयार है। पुरुषों के फाइनल में मध्य प्रदेश का मुकाबला उत्तर प्रदेश से होगा। महिलाओं के खिताबी मैच में मध्य प्रदेश की लड़कियां झारखंड से भिड़ेंगी। फाइनल मुकाबले 12 अप्रैल को राजगीर स्थित राजगीर हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।

महिलाओं की श्रेणी में तीसरे स्थान के लिए होने वाले मुकाबले में हॉकी ओडिशा का सामना उत्तर प्रदेश हॉकी से होगा। पुरुषों के तीसरे स्थान के मुकाबले में, दादरा नगर हवेली तथा दमन दीव हॉकी का मुकाबला हॉकी पंजाब से होगा।

पुरुषों के फाइनल में, दोनों टीमें सेमीफाइनल में शानदार जीत दर्ज करने के बाद बगैर कोई मैच गंवाए इस मुकाबले में उतर रही हैं। हॉकी मध्य प्रदेश ने दादरा नगर हवेली तथा दमन दीव को 4-2 से हराया, जबकि उत्तर प्रदेश ने पिछले साल की चैंपियन पंजाब को 6-2 के अंतर से मात दी।

खास बात यह है कि इस डिवीजन के शीर्ष दो स्कोरर उत्तर प्रदेश हॉकी का प्रतिनिधित्व करते हैं। शाहरुख अली 14 गोलों के साथ सबसे आगे हैं, जबकि नीतीश यादव ने 7 गोल किए हैं। ये सभी गोल पेनाल्टी कॉर्नर से आए हैं। दादरा नगर हवेली तथा दमन दीव हॉकी के धीरज पाल भी शीर्ष स्कोरर में शामिल हैं, जो इस मुकाबले में खेलते नजर आएंगे, जिनके नाम पांच गोल दर्ज हैं।

महिलाओं का फाइनल मुकाबला भी बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है, जिसमें मौजूदा चैंपियन हॉकी झारखंड और हॉकी मध्य प्रदेश इस डिवीजन की शीर्ष स्कोरिंग टीमों के रूप में उभरी हैं। उन्होंने क्रमशः 19 और 18 गोल किए हैं।

हॉकी झारखंड ने अपने सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश हॉकी को 2-0 से हराया, जबकि हॉकी मध्य प्रदेश ने हॉकी ओडिशा को 2-1 से मात दी। हॉकी मध्य प्रदेश के पास इस डिवीजन की शीर्ष स्कोरर नौशीन नाज हैं, जिन्होंने अब तक 9 गोल किए हैं। हॉकी झारखंड की संदीपा कुमारी पांच गोल के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता के प्रारंभिक दौर के मैच सेमीफाइनल चरण तक राजगीर में आयोजित किए गए, जबकि महिला वर्ग के प्रारंभिक दौर के मैच रांची में खेले गए।