मुंबई, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। निर्देशक सुभाष घई सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर अपनी पोस्ट शेयर करते रहते हैं। निर्देशक ने बताया कि मंगलवार शाम को मशहूर संगीतकार ए. आर. रहमान उनके घर डिनर पर आए थे।
निर्देशक सुभाष घई ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर ए. आर. रहमान के साथ तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्होंने ए.आर. रहमान की जमकर प्रशंसा की और बताया कि संगीतकार के चेहरे पर तभी चमक आती है, जब उन्होंने संगीत में या अपनी जिंदगी में कोई बेहतरीन काम किया होता है।
सुभाष घई ने लिखा, “मंगलवार शाम ए. आर. रहमान को मेरे घर डिनर पर देखकर हमें बहुत खुशी हुई। उनके चेहरे पर एक अलग ही चमक थी और वह बातचीत के दौरान फिल्म ‘रामायण’ और उसके म्यूजिक की तारीफ कर रहे थे। उनके चेहरे पर ऐसी चमक तभी आती है, जब उन्होंने अपने म्यूजिक में या अपनी जिंदगी में कोई बेहतरीन काम किया होता है। हमेशा खुश रहो, रहमान और ऐसे ही ऊंचाइयों को छूते रहो। ढेर सारा प्यार।”
निर्देशक सुभाष घई की इस पोस्ट को काफी पसंद किया जा रहा है। उनके पोस्ट के कमेंट सेक्शन पर यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
सुभाष घई हिंदी सिनेमा के जाने-माने निर्देशक निर्माता हैं, हालांकि उन्होंने निर्देशन से पहले अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। ‘उमंग’ और ‘गुमराह’ जैसी फिल्मों में वह बतौर अभिनेता नजर भी आए। अभिनय में उनका सिक्का नहीं चला और उन्होंने फिल्म निर्देशन में अपनी प्रतिभा को आजमाया। शानदार फिल्मों का निर्देशन करने वाले घई अपनी फिल्मों के किसी सीन में जरूर नजर आते रहे हैं।
सुभाष घई की आखिरी निर्देशित फीचर फिल्म ‘कांची: द अनब्रेकेबल थी, जो 25 अप्रैल 2014 को रिलीज हुई थी। उन्होंने बतौर निर्देशक ‘गांधी – ए पर्स्पेक्टिव’ (2020) नाम से एक शॉर्ट/डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी बनाई थी। फिलहाल, निर्देशक अपने एक्टिंग इंस्टीट्यूट पर फोकस कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अपने इंस्टीट्यूट में 7 से 9 अक्टूबर 2026 के बीच ‘सेलिब्रेट सिनेमा 2026’ तीन दिवसीय वार्षिक फेस्टिवल आयोजित किया था। उनके इस प्रोग्राम में कई बॉलीवुड हस्तियों ने शिरकत की थी।
