मुंबई, 9 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में सूखे की मार झेल रहे किसानों और प्रभावित नागरिकों की सहायता के लिए श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर न्यास ने मुख्यमंत्री सहायता निधि में 10 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है।
मंदिर न्यास प्रबंधन समिति ने सामाजिक दायित्व के तहत यह निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य सूखाग्रस्त क्षेत्रों के किसानों और प्रभावित परिवारों को आर्थिक राहत उपलब्ध कराना तथा संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ा रहना है।
सोमवार को मंदिर न्यास की ओर से 10 करोड़ रुपये का चेक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सौंपा गया। न्यास के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त सदानंद सरवणकर तथा कोषाध्यक्ष आचार्य पवनकुमार त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री को यह सहायता राशि सौंपी।
इस अवसर पर न्यास की ट्रस्टी मीना कांबळी, महेश मुदलियार, गोपाल दलवी, जितेंद्र राऊत, मनीषा तुपे, सुदर्शन सांगले और कार्यकारी अधिकारी राखी चव्हाण भी उपस्थित रहे।
मंदिर न्यास ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय जरूरतमंद लोगों की सहायता करना उसकी सामाजिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष महाराष्ट्र में भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए भी सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री सहायता निधि में 10 करोड़ रुपये का योगदान दिया था।
न्यास के इस कदम को सूखाग्रस्त किसानों के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे राज्य सरकार के राहत एवं पुनर्वास प्रयासों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इससे पहले, 29 सितंबर को महाराष्ट्र के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गंभीर बाढ़ की स्थिति को देखते हुए देश के प्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर ट्रस्ट ने एक सराहनीय कदम उठाया था। ट्रस्ट ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 करोड़ रुपए का योगदान देने की घोषणा की थी। इस बात की जानकारी श्री सिद्धिविनायक मंदिर के आधिकारिक ‘एक्स’ पोस्ट पर प्रेस रिलीज शेयर करके दे दी गई।
