Sunday, June 14, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय सुनील ग्रोवर ने योग को बताया जीवन का सबसे लाभदायक निवेश, आयुष...

सुनील ग्रोवर ने योग को बताया जीवन का सबसे लाभदायक निवेश, आयुष मंत्रालय ने शेयर किया वीडियो

0
3

नई दिल्ली, 14 जून (आईएएनएस)। विश्व योग दिवस 2026 के आयोजन में अब केवल सात दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में आयुष मंत्रालय देशभर के लोगों को योग के प्रति जागरूक करने और उन्हें नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। इसी कड़ी में मंत्रालय ने अभिनेता और कॉमेडियन सुनील ग्रोवर का एक प्रेरणादायक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें ग्रोवर योग को जीवन का सबसे लाभदायक निवेश बताते नजर आए।

इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘हेल्दी एजिंग के लिए योग’ रखी गई है। इसका उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि बढ़ती उम्र में भी स्वस्थ और सक्रिय जीवन जीने के लिए योग बेहद महत्वपूर्ण है। मंत्रालय लगातार विभिन्न क्षेत्रों की प्रसिद्ध हस्तियों के वीडियो पोस्ट कर लोगों तक योग का संदेश पहुंचा रहा है।

आयुष मंत्रालय द्वारा साझा किए गए वीडियो में सुनील ग्रोवर बेहद सरल और मजाकिया अंदाज में योग के महत्व को समझाते नजर आए। वीडियो में वह कहते हैं, मेरे पास एक बहुत अच्छा बिजनेस आइडिया है। उन्होंने कहा, “आपने सुना होगा कि हेल्थ इज वेल्थ। इसलिए योग कीजिए। साल के 365 दिन योग कीजिए और स्वस्थ रहिए। जब आप स्वस्थ होंगे तो धन भी कमा सकेंगे और जीवन का आनंद भी उठा सकेंगे।”

मंत्रालय ने वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि जब देश का पसंदीदा मनोरंजन कलाकार कोई वेलनेस टिप देता है तो वह निश्चित रूप से लोगों को प्रेरित करती है। मंत्रालय ने योग को ऐसा निवेश बताया है, जिसका लाभ पूरे जीवन मिलता है। संदेश में कहा गया कि यदि स्वास्थ्य ही असली संपत्ति है, तो प्रतिदिन योग करना एक उच्च लाभ देने वाला निवेश है। यह निवेश मानसिक शांति, शारीरिक मजबूती और बेहतर जीवनशैली के रूप में सकारात्मक परिणाम देता है।

आयुष मंत्रालय का मानना है कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवनशैली है, जो शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने में मदद करती है। विश्व योग दिवस 2026 के अवसर पर मंत्रालय लोगों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील कर रहा है।

गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हर वर्ष 21 जून को मनाया जाता है। इस अवसर पर देश और दुनिया में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।