सूरत, 26 मई (आईएएनएस)। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का असर लगातार जमीन पर दिखाई देने लगा है। ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ (पीएमएवाई) के तहत पक्के मकान मिलने से गरीब परिवारों के जीवन में एक बड़ा और सकारात्मक बदलाव आया है।
गुजरात के सूरत के सिटी लाइट इलाके में रहने वाले स्थानीय निवासियों ने बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की सराहना करते हुए अपने अनुभव साझा किए।
पिछले 40 वर्षों से सूरत में रह रहे शिव प्रसाद मिश्रा ने आईएएनएस से बताया कि वह लंबे समय से कच्चे और असुविधाजनक मकानों में रहने को मजबूर थे। लेकिन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता ने उनकी जिंदगी बदल दी।
उन्होंने कहा, “पिछले 5 साल से मैं मोदी जी की कृपा से मिले इस पक्के मकान में रह रहा हूं। आज हमारी जिंदगी में बहुत तरक्की हुई है। पहले इस इलाके में सड़क, पानी और राशन जैसी बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी थी, लेकिन आज सब कुछ व्यवस्थित है।”
बिचौलियों के खात्मे और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) पर बात करते हुए शिव प्रसाद मिश्रा ने कहा कि अब योजनाओं का पैसा या सब्सिडी सीधे बैंक खाते में आती है, जिससे किसी भी तरह के भ्रष्टाचार या कमीशनखोरी की गुंजाइश नहीं बची है।
इसी इलाके की एक अन्य लाभार्थी, हंसाबेन राजूभाई राठौड़ ने अपनी पुरानी दिक्कतों को याद करते हुए भावुक होकर कहा, “पहले मेरा घर बहुत खराब स्थिति में था। मानसून के दिनों में छत से पानी टपकता था और हमें घर के अंदर जगह-जगह बर्तन और टब रखने पड़ते थे। जब इस योजना का फॉर्म निकला और पैसे सीधे हमारे खाते में आए, तब हमने यह पक्का घर बनाया। अब हम बहुत खुश और सुरक्षित महसूस करते हैं।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लाभार्थियों ने उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं। हंसाबेन ने सरकार का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने गरीबों के लिए बहुत अच्छा काम किया है।
वहीं, शिव प्रसाद मिश्रा ने कहा, “मैं उन्हें बहुत-बहुत बधाई देता हूं। हम यही चाहते हैं कि वे आगे भी देश के प्रधानमंत्री बने रहें ताकि गरीबों का इसी तरह पालन-पोषण और विकास होता रहे।”

