SGSU Advertisement
Home राजनीति सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ की पुण्यतिथि पर कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय...

सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ की पुण्यतिथि पर कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों ने दी श्रद्धांजलि

0
5

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। हिंदी के सुप्रसिद्ध कवि और लेखक सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ की पुण्यतिथि पर कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “मां सरस्वती के वरद पुत्र, हिंदी साहित्य के छायावादी युग के प्रमुख स्तंभ और महाकवि सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। आपकी रचनाएं साहित्य जगत की अमूल्य निधि हैं। आपकी कविताएं, कहानियां, उपन्यास सदैव साहित्य प्रेमियों के हृदय को अप्रतिम आनंद से आलोकित करती रहेंगी। हिंदी के अनन्य सेवक को बारंबार प्रणाम।”

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने पोस्ट किया, “महान कवि और छायावाद के स्तंभ सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। हिंदी साहित्य में आपका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। आपकी कविताएं, कहानियां और उपन्यास सदैव साहित्य प्रेमियों के हृदय को अप्रतिम आनंद से आलोकित करते रहेंगे।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “निराला जी की लेखनी में समाज की पीड़ा के प्रति संवेदना, अन्याय के विरुद्ध विद्रोह और मानवीय मूल्यों के प्रति गहरी निष्ठा थी। अपनी कालजयी रचनाओं से उन्होंने हिंदी साहित्य को नई चेतना और अभिव्यक्ति दी। उनका साहित्य आने वाली पीढ़ियों को सत्य, स्वाभिमान और सामाजिक समरसता के मार्ग पर सदैव प्रेरित करता रहेगा।”

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ को नमन किया। सीएम धामी ने कहा कि उनकी रचनाएं हमें सदैव सामाजिक न्याय और मानवीय मूल्यों के प्रति प्रेरित करती रहेंगी।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिखा, “महान साहित्यकार और छायावाद के प्रमुख स्तंभ महाकवि सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत्-शत् नमन। हिंदी साहित्य को अपनी कालजयी रचनाओं से समृद्ध करने वाले निराला जी का साहित्यिक योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।”

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि हिंदी साहित्य को अपनी कालजयी रचनाओं से समृद्ध करने वाले निराला जी की साहित्य साधना और विचारों की ओजस्विता सदैव साहित्य प्रेमियों को प्रेरित करती रहेगी।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सूर्यकांत त्रिपाठी को नमन किया। ब्रजेश पाठक ने लिखा, “हिंदी साहित्य को पल्लवित करने वाले महान कवि, उपन्यासकार, निबंधकार सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।”

केशव प्रसाद मौर्य ने पोस्ट किया, “हिंदी साहित्य के छायावादी युग के प्रखर कवि और क्रांतिकारी चेतना के संवाहक सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। ‘राम की शक्ति पूजा’ जैसी महाकाव्यात्मक रचना के माध्यम से पुरुषार्थ और आस्था की विजय का अमर संदेश देने वाले निराला जी ने काव्य-रूढ़ियों को तोड़कर मुक्त छंद को नई प्रतिष्ठा दी। उनका साहित्यिक योगदान आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।”